कौन-कौन सी सब्जियां बादी होती हैं? एक्सपर्ट से जानें...

कौन-कौन सी सब्जियां बादी होती हैं? एक्सपर्ट से जानें...


अक्सर आपने अपने
घर के बड़े-बुजुर्गों के मुंह से सुना होगा कि "बैंगन मत खाओ, सर्दी में समय यह बादी करता है?" या फिर कुछ अन्य सब्जियां या दाल के बारे में ऐसा बोलते हुए सुना होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर यह बादी क्या होती है? अगर नहीं, तो कंफ्यूज न हों। आपको बता दें कि बादी एक आयुर्वेदिक शब्द है। जिसका संबंध शरीर में गंदगी जमा होने से है।  राम हंस चेरीटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि बादी का पूरा नाम वाय बादी है। शरीर में टॉक्सिंस (विषैले पदार्थ) जमा होने पर बादी की समस्या होती है।

बादी की वजह से आपको शरीर में भारीपन, सुबह उठते समय शरीर कसा हुआ या बंधा हुआ सा महसूस होना, शरीर में कसाव रहना, शरीर टूटना, आलस और सुस्ती महसूस होना, पेट में दर्द रहना, गैस होना जैसे लक्षण दिखते हैं। आयुर्वेद एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आपको बदहजमी की शिकायत है, तो ऐसे समय में अगर आप बादी करने वाली चीजों का सेवन करते हैं, तो आपको बादी की समस्या बढ़ सकती है। सब सवाल यह है कि ऐसी कौन सी सब्जियां है, जिससे बादी की समस्या बढ़ सकती है? 

इस बारे में आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग-अलग तासीर का होता है। ऐसे में हर व्यक्ति को अलग-अलग सब्जियां बादी कर सकती हैं। हालांकि, कुछ ऐसी सब्जियां है, जिससे आपको बादी की समस्या हो सकती है। जैसे- बैंगन, आलू, गोभी इत्यादि। आइए विस्तार से जानते हैं बादी करने वाली सब्जियों के नाम- 

बादी करने वाली सब्जियां

आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि अगर आप सीमित मात्रा में सब्जियों का सेवन करते हैं, तो इससे बादी की शिकायत नहीं होती है। लेकिन अगर आप सर्दियों में जरूरत से ज्यादा इन सब्जियों का सेवन करते हैं, तो आपको बादी की शिकायत हो सकती है। जैसे-

टमाटर - सीमित मात्रा में टमाटर का सेवन फायदेमंद होता है। लेकिन अगर आप सर्दियों में ज्यादा टमाटर खाते हैं, तो आपको गैस, बदहजमी, उल्टी, शरीर में सुस्ती जैसी शिकायत हो सकती है।

बैंगन - कुछ लोगों को बैंगन खाने से बादी की शिकायत होती है। हालांकि, यह व्यक्ति के शरीर की प्रवृति पर निर्भर करता है कि आपको बैंगन से बादी होती है या नहीं।

आलू - अधिकतर लोग अपने आहार में आलू शामिल करते हैं। सर्दियों में कई लोग रोजाना आलू पराठा खाना पसंद करते हैं। ऐसी स्थिति में आपको बादी की शिकायत हो सकती है। इसलिए अगर आपका पाचन तंत्र मजबूत नहीं है, तो अधिक मात्रा में आलू न खाएं।

ब्रोकली और फूलगोभी - ब्रोकली  और फूलगोभी भी बादी की समस्या को बढ़ा सकता है। इसलिए अगर आप सर्दियों में ज्यादा मात्रा में गोभी खाते हैं, तो इसका सेवन न करें। 

पनीर - वैसे तो पनीर हरी सब्जियों में नहीं आता है। लेकिन हम में से कई लोग सब्जियों में काफी पनीर का सेवन करते हैं। यह सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद होता है। लेकिन अगर आपको बादी की परेशानी है, तो पनीर या फिर पनीर से तैयार किसी भी सब्जी का सेवन न करें। इससे बादी की परेशानी बढ़ सकती है।

पत्ता गोभी - पत्ता गोभी बादी करने वाली सब्जियों में से एक है। अगर आप अधिक मात्रा में पत्ता गोभी खाते हैं, तो आपको गैस, बदहजमी और पेट फूलने जैसी समस्या हो सकती है। 

बादी में किस तरह की सब्जी से करें परहेज?

आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि अगर आपको बादी की समस्या है, तो आप सूखी सब्जियों का परहेज करें। इस स्थिति में आप तरी वाली सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इससे बादी होने की संभावना कम होती है। 

किन कारणों से सर्दियों में होती है बादी की समस्या?

आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि सर्दियों में बादी की परेशानी काफी ज्यादा होती है। इसका प्रमुख कारण इन दिनों कम पानी का सेवन करना है। सर्दियों में कई लोग पानी कम पीते हैं, जिसकी वजह से उन्हें बादी की समस्या हो जाती है। एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मी और सर्दी के दिनों में पानी पीने में ज्यादा अंतर नहीं होना चाहिए। अगर आपको पसीना नहीं आता है, तो आप गर्मियों की तुलना में सर्दी में 1 से 2 गिलास पानी कम पी सकते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप सर्दियों में पानी कम पिएंगे, तो इससे स्वास्थ्य पर विपरीत असर नहीं पड़ेगा। 

अगर आप सर्दियों में कम पानी पीते हैं, तो आपको गुर्दे से जुड़ी समस्या हो सकती है। इसलिए सर्दियों में भी अपने शरीर के जरूरत के अनुसार पानी पिएं। 

ठंडी तासीर वाली चीजें जैसे- आइस-क्रीम, ठंडा दूध इत्यादि का सेवन करने से बचें। 

भूख के हिसाब से खाएं। ज्यादा भोजन का सेवन न करें। 

बादी की समस्या से कैसे पाएं राहत?

आयुर्वेदाचार्य का कहना है कि अगर आप बादी की परेशानी से राहत पाना चाहते हैं, तो सबसे अच्छा उपाय है कि आप इन दिनों गर्म चीजों का सेवन करें। इसके अलाव आप अपने आहार में पिप्पली और सोंठ (अदरक) का इस्तेमाल करें। इससे आपको काफी लाभ मिलेगा। इसके अलाव अगर आप आयुर्वेदिक तरीकों से बादी की परेशानी से राहत पाना चाहते हैं, तो एक्सपर्ट से सलाह लें। आयुर्वेद में बादी की परेशानी से राहत पाने के लिए कई तरह की दवाइयां मौजूद हैं।  

Post a Comment

और नया पुराने