भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं रखती, साथ ही किसी का अपमान भी नहीं करती: डॉ. दिनेश शर्मा

भाजपा तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं रखती, साथ ही किसी का अपमान भी नहीं करती: डॉ. दिनेश शर्मा


जलालपुर में किया विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, दी सौगात

अम्बेडकरनगर। आज की यह भीड़ संकेत है कि देश की दशा व दिशा बदलने लगी है। हमारी पार्टी (भाजपा) राष्ट्रवादी पार्टी है, जो सबके हित में काम करती है। विपक्षी दल सिर्फ दुष्प्रचार कर रहे हैं। रैलियाँ कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। सही मायने में किसी भी दल ने विपक्ष की भूमिका नहीं निभाई। कोरोना संकट काल में भाजपा छोड़ किसी भी दल ने कोई राहत कार्य नहीं किया। भाजपा ने कोरोना रोधी टीका लगाकर विश्व रिकार्ड बनाया है। 

उक्त बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जलालपुर स्थित एन.डी. इण्टर कॉलेज के मैदान में आयोजित रैली को सम्बोधित करते हुए कहा। डॉ. शर्मा ने अपनी चिरपरिचित सारगर्भित शैली में कहा कि दल बदलने वाले नेता और उनकी पार्टियाँ मात्र जोड़-घटाव, गुणा-भाग के प्रति ही समर्पित रहते हैं। इनका जनता के प्रति किसी भी प्रकार का कोई दायित्व नहीं होता। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा सरकार में हर गाँव में पात्रों को आवास प्राप्त हो गये हैं। माफिया व अराजकतत्व जेल के सीखचों के पीछे नजर आ रहे हैं। उनके कब्जे से जमीनों को खाली करा दिया गया है। उसके स्थान पर गरीबों के आवास बन रहे हैं। डॉ. शर्मा ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उज्जवला, सौभाग्य, जनधन आदि योजनाओं की शुरूआत करके गरीबों को लाभ पहुँचाने का कार्य किया है। हमारी सरकार ने हर घर शौचालय अभियान की शुरूआत की। अपने सम्बोधन के क्रम में डिप्टी सी.एम. ने कहा कि हम सै0 मसूद सालार गाजी का बध करने वाले राज सुहेलदेव के समर्थक हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उनके नाम पर 25 करोड़ की लागत से स्मारक बनवा रही है। उन्होंने कहा कि देश का आक्रान्ता हमारा आदर्श कत्तई नहीं हो सकता। हम मसूद सालार गाजी को श्रद्धांजलि देने वालों को समर्थन नहीं दे सकते। इस सम्बोधन पर रैली में उमड़ी भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। उन्होंने कहा कि हम (भाजपा) तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं रखते साथ ही हम किसी का अपमान भी नहीं करते। 

सड़क मार्ग से जिले के जलालपुर पहुँचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को सुनने व देखने के लिए उमड़ी भीड़ विद्वान लीडर के एक-एक शब्द व वाक्य पर करतल ध्वनि से उनका अभिवादन व उत्साहवर्धन कर रही थी। जलालपुर के एन.डी. इण्टर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँचे उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया इसके उपरान्त उन्होंने उमड़ी भीड़ को सम्बोधित किया। 

जिले में पहुँचने पर उपमुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. मिथलेश त्रिपाठी, टाण्डा विधायक श्रीमती संजू देवी, आलापुर विधायक श्रीमती अनीता कमल, गौरव सिंह ब्लाक प्रमुख भियांव ने माला पहनाकर किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अगुआ जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार कन्नौजिया, सीडीओ घनश्याम मीणा आदि उपस्थित रहे। 

Post a Comment

और नया पुराने