यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलों में बाढ़ का कहर, उत्तराखंड-हिमाचल में जल प्रलय

यूपी के प्रयागराज समेत कई जिलों में बाढ़ का कहर, उत्तराखंड-हिमाचल में जल प्रलय

देश के पांच राज्यों से तबाही की खबर सामने आ रही है जहां 24 घंटों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 33 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लापता हैं।  हिमाचल में 22 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक तबाही मंडी, कांगड़ा और चंबा में हुई। वहीं, उत्तराखंड में चार ने जान गंवाईं। इसके अलावा यूपी के कई जिलों में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। लोगों को बचाने की मुहिम जारी है।

संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना दोनों ही नदियों में आई बाढ़ अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत का सबब बनती जा रही है। बाढ़ का पानी अब रिहायशी इलाकों में भी घुसने लगा है। हरिद्वार के भीमगौडा बैराज से भी संपर्क साधकर गंगा के जलस्तर बढ़ने घटने की जानकारी ली जा रही है। हमीरपुर में अब यमुना और बेतवा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार को फिर से डैमों से चार लाख से अधिक क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बेतवा नदी उफना गई जिससे कई गांवों का संपर्क कट गया है। फतेहपुर प्रेम के समीप कच्चे तटबंध को दुरुस्त करने के लिए ग्राम पंचायत मानपुर और रठौरा कलां के सैकड़ों श्रमिक लगाए गए हैं।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के मोहनचट्टी क्षेत्र के अरण्यम रिजॉर्ट में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ रेस्क्यू मौके पर पहुंचा। सभी संपर्क टूट गए थे। तुरंत टीमें भेजी गईं, बचाव कार्य जारी है।पिछले 36 घंटों से जिले और राज्य में हो रही भारी बारिश से हिमाचल के मंडी में भारी बारिश के कारण पर्यटक लंबे जाम में फंसे रहे।  राहत कार्य जारी है।

इसी बीच ऋषिकेश के यमकेश्वर ब्लॉक लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में सुबह कुछ पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिली। एसडीआरएफ की टीम ने 13 पुरुष, 13 महिला, तीन बच्चों और एक पालतू कुत्ते को रेस्क्यू कर बचाया। लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया सभी 29 पर्यटकों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है।

धर्मशाला में बारिश ने 64 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां शुक्रवार और शनिवार को 333 मिलीलीटर बारिश हुई। इससे पहले साल छह अगस्त 1958 को 24 घंटों में 316 मिलीलीटर बारिश दर्ज की गई थी।

मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज शाम तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


Post a Comment

और नया पुराने