फूलन देवी के लिए रखा 9 दिन का व्रत: युवक सुबह-शाम करता है पूजा, 9 कन्याओं को कराएंगे भोज

फूलन देवी के लिए रखा 9 दिन का व्रत: युवक सुबह-शाम करता है पूजा, 9 कन्याओं को कराएंगे भोज

जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के एक शख्स ने फूलन देवी के लिए 9 दिन का व्रत रखा है। बाकायदा सुबह-शाम फूलन देवी की तस्वीर रख पूजा भी कर रहा है। रामधनी ने बताया कि वो फूलन देवी को अपनी मां मानते हैं। रामधनी बताते हैं कि ये उनकी व्यक्तिगत श्रद्धा है। समाज के कुछ लोग उन्हें पागल करार दे रहे हैं। फिलहाल, फूलन देवी की पूजा करना और उनके लिए व्रत रखना चर्चा का विषय बना है।

जौनपुर मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर ओईना बाजार में रामधनी बिंद का घर है। आम श्रद्धालु की तरह रामधनी ने भी इस बार व्रत रखा है, लेकिन ये व्रत किसी देवी के लिए नहीं है। रामधनी बिंद ने ये व्रत फूलन देवी के लिए रखा है। वो बताते हैं कि फूलन देवी समाज में महान व्यक्तित्व थीं। रामधनी कहते हैं कि समाज में फूलन देवी का बहुत शोषण हुआ। संघर्ष के दम पर वो सांसद चुनी गईं।

रामधनी बिंद कहते हैं कि पुराणों के अनुसार, मां दुर्गा ने राक्षसों का वध किया था। कलयुग में मां फूलन ने भी वही किया। फूलन देवी ने 22 असुरों का वध किया था। वो कहते हैं कि मां फूलन के साथ सावित्री फूले को भी पूजा जाना चाहिए। सावित्री बाई फूले ने वंचितों और शोषितों को उनका अधिकार दिलाया था।

रामधनी बिंद पूरे धार्मिक रीति-रिवाज से फूलन देवी को मां मानकर व्रत रख रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कलश की स्थापना भी की है। रामधनी सभी जाति और धर्म का सम्मान करते हैं। वो कहते हैं कि घर के बाहर मां दुर्गा की प्रतिमा भी है। वह नौ कन्याओं को भोज भी कराएंगे। अष्टमी के दिन नौ कन्याओं को कॉपी और कलम देंगे। इससे कि वह अपने जीवन में पढ़ कर आगे बढ़ सकें। वो कहते हैं कि फूलन संघर्ष का प्रतीक हैं। वो मां दुर्गा से फूलन की तुलना नहीं कर रहे।

रामधनी बिंद भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। रामधनी से जब यह पूछा गया कि यह कहीं एक राजनीतिक स्टंट तो नहीं तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि अगर उन्हें राजनीतिक स्टंट करना होता तो पहले दिन मीडिया वालों को बुलाकर वह ऐसे कार्यक्रम की कवरेज कराते। वो फूलन देवी से जुड़े हुए हर कार्यक्रम को बड़े धूमधाम से कराते हैं। जयंती से लेकर पुण्यतिथि तक के कार्यक्रमों में खुद शामिल होते हैं। फूलन देवी इस बात की मिसाल है कि जीवन में कभी हारना नहीं चाहिए।

Post a Comment

और नया पुराने