अकबरपुर में मूलभूत और आधुनिक सुविधा युक्त कान्हा गौशाला का जल्द शुरु होगा निर्माण: बीना सिंह

अकबरपुर में मूलभूत और आधुनिक सुविधा युक्त कान्हा गौशाला का जल्द शुरु होगा निर्माण: बीना सिंह

अकबरपुर नपाप की ईओ ने कहा कि इसमें आएगा 1.73 करोड़ का खर्च

शासन को कार्ययोजना की डीपीआर भेजी जा चुकी है

- सत्यम सिंह

अंबेडकरनगर। यदि प्रदेश सरकार ने नगर पालिका परिषद अकबरपुर द्वारा प्रेषित 1.73 करोड़ की कार्ययोजना की डीपीआर स्वीकृति कर दी, तो वह दिन दूर नहीं जब अकबरपुर में कान्हा गौशाला का निर्माण शुरु हो जाएगा। इस गौशाला के निर्माण से यत्र तत्र सर्वत्र घूम रहे गोवंश, इसी गौशाला में रखे जाएंगे। कान्हा गौशाला समस्त मूल-भूत सुविधा के साथ आधुनिक गौशाला होगी।इसमें पांच सौ गोवंश एक साथ रखे जाने की व्यवस्था होगी। सभी जरुरी सुविधाओं से युक्त कान्हा गौशाला निर्माण के लिए डीपीआर शासन को भेजा जा चुका है। 

उक्त जानकारी देते हुए नपाप अकबरपुर की अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि प्रस्तावित कान्हा गौशाला में गौशाला सेट, ऑफिस ब्लॉक, गोवंश क्लीनिक, चारा स्टोर, हरा चारा स्टोर, चरही, खाघ गड्ढा, पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ चाहरदिवारी का भी निर्माण होगा। इस गौशाला का समूचा परिसर दुधिया प्रकाश से आलोकित रहेगा।

अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित कान्हा गौशाला की स्थापना के लिए तैयार डीपीआर प्रदेश शासन को भेज दिया गया है। इस पर स्वीकृति मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया शुरु होगी। 

कान्हा गौशाला निर्माण की क्यों है जरुरत

अकबरपुर नगर पालिका की ईओ बीना सिंह ने कहा कि अकबरपुर के विभिन्न मार्गों पर घूम रहे छुट्टा गोवंश लोगो की परेशानियां बढ़ा रहें हैं। सड़को पर इनकी आवाजाही सभी मार्गों पर दुर्घटनाओं का सबब बन रही है। प्रायः अवारा पशुओं की आवाजाही से जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के मिर्जापुर वार्ड में एक अस्थाई गौशाला है। इसकी क्षमता काफी कम है। यहां छुट्टा पशुओं को रखने की समस्या बनी रहती है। इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए बीते दिनों अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सभी जरुरी सुविधाओं से लैस कान्हा गौशाला के निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन के अनुमति हेतु भेजी गई है।

 ईओ बीना सिंह ने कहा कि कान्हा गौशाला निर्माण के लिए नपाप क्षेत्र में गौसपुर व गोविंद गणेशपुर में भूमि उपलब्ध है। इन दोनों खाली पड़ी जमीन पर प्रस्तावित गौशाला के निर्माण स्थल को चयनित करने की सूचना भी कुछ अधिकारियों को दे दी गई है। शासन से अनुमति मिलने के उपरांत कान्हा गौशाला के निर्माण की प्रक्रिया शुरु की जाएगी। 


Post a Comment

और नया पुराने