बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार (22 अक्टूबर, 2022) धनतेरस के दिन लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश जारी किए। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि आने वाले उनके जन्मदिन पर लोग पार्टी को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिए सीधे पैसे दें। महंगे उपहार न दें।मायावती ने कहा कि उन्हें कीमती उपहार देने की बजाए पार्टी मूवमेंट के हित में हमेशा की तरह सीधे तौर पर आर्थिक सहयोग देना बेहतर होगा।
शनिवार सुबह बसपा सुप्रीमो द्वारा बुलाई गई इस बैठक में पार्टी के प्रदेश भर के सभी पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी और विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी जोनल कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे। इस दौरान बसपा की इस बैठक में निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव 2024 समेत आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
पार्टी नेताओं के साथ बैठक में बसपा सुप्रीमो ने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई से जनता का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि देश पर हिंसा-तनाव से सामाजिक स्तर पर गलत असर पड़ रहा है। महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार और गंभीर अपराध से असुरक्षा का वातावरण पैदा हो रहा है।
.jpg)