एमपी के सागर में इन दिनों एक मुसलमान डॉक्टर का लिखा पर्चा वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि डेंटल सर्जन डॉ औसफ अली अपना पर्चा हिंदी में लिखते हैं और इसकी शुरुआत श्रीहरि के साथ करते हैं। उनका कहना है कि हिंदी सब लोगों को आसानी से समझ आती है। इसलिए वे हिंदी में ही पर्चा लिखते हैं।
मध्य प्रदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई हिंदी में शुरू होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच से डॉक्टरों से अपील की थी कि वे पर्चे पर आरएक्स की जगह श्रीहरि लिखें। मुख्यमंत्री की अपील का असर भी दिखने लगा है। सागर में सरकारी के साथ प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर भी हिंदी में पर्चा लिखने लगे हैं। ऐसा ही एक पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि डॉक्टर मुसलमान हैं और अपने पर्चे की शुरुआत श्रीहरि के साथ करते हैं।
डॉ. औसफ अली डेन्टल सर्जन हैं। वे अपने मरीजों का पर्चा हिन्दी में तो लिख ही रहे हैं। साथ ही, पर्चे पर सबसे पहले 'श्रीहरि' लिखते हैं। फिर मरीज की बीमारी के लक्षण और दी जाने वाली दवाइयों के नाम भी हिंदी में लिखते हैं। डॉ. औसफ अली का क्लीनिक सागर में राहतगढ़ बस स्टैंड के पास है। इनकी पत्नी भी डेंटल सर्जन हैं और दोनों मिलकर सना डेंटल क्लीनिक चलाते हैं। लोग डॉ. औसफ अली की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।
नवभारत टाइम्स डॉट कॉम से बातचीत में डॉ. औसफ अली ने बताया कि हिन्दी आम बोलचाल की भाषा है। इसे लोग आसानी से समझ सकते हैं। वे हिंदी में इसीलिए पर्चा लिखते हैं जिससे लोग अपनी बीमारी और उसके इलाज के बारे में स्पष्ट जान सकें।
.jpg)