अम्बेडकरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहसिनपुर मंसूरपुर में बिजली की व्यवस्था न होने से डॉक्टरों के साथ ही मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल बिजली बिल न जमा होने के कारण बिजली विभाग ने 28 सितंबर को अस्पताल की बिजली काट दी। जिससे टॉर्च की रोशनी में डॉक्टरों को मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। हालांकि इस मामले में सीएमओ का कहना है कि एक से दो दिन में बिजली की सप्लाई शुरू हो जाएगी।
मामला जिला मुख्यालय के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहसिनपुर मंसूरपुर का है। जहां पर एक महीने पहले बिल नहीं जमा करने पर बिजली विभाग ने स्वास्थ्य केंद्र की बिजली काट दी थी। बिजली न होने की वजह से टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य महकमा एक महीने से इस मामले में चुप्पी साधे बैठा है। बिजली कटने से अस्पताल में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। साथ ही डिलीवरी नहीं कराए जाने से मरीजों को खासी दिकक्त का सामना करना पड़ रहा है।
डॉक्टर और स्टाफ नर्स सुबह अस्पताल पहुंचते है तो पहले मोबाइल का टार्च जलाते हैं फिर ओपीडी की शुरुआत करते है। डॉक्टर का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र पर हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते है, लेकिन लाइट न होने की वजह से जांच से लेकर इलाज करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
