सिपाही से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज का मामला
अम्बेडकरनगर। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा के विरुद्ध सिपाही से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज को लेकर अलीगंज थाने में केस दर्ज हो गया है। भाजपा नेता पर एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष की इस हरकत पर कई प्रांतीय नेताओं ने नाराजगी भी जताई थी। उन्हें ऐसा न करने की हिदायत भी दिया था।
अलीगंज थाने में तैनात सिपाही विजय कुमार भारती ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 29 अक्टूबर की दोपहर जब वह जुआ खेल रहे कुछ लोगों को पकड़ने संहरिया गए तो वहां तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इन्हें छुड़ाने के लिए भाजपा नेता कपिलदेव वर्मा ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए कई तरह की धमकी दी।भाजपा नेता कपिल देव वर्मा का साथ पाने के चलते वहां मौजूद लोगों ने सिपाही का मोबाइल भी छीन लिया था। पकड़े गए आरोपियों को भी मनबढ़ लोगों ने छुड़ा लिया था।इस खबर को मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
पुलिस कप्तान ने सीओ टांडा को जांच सौंपी थी। सीओ ने अपनी जांच पूरी कर बीते दिनों रिपोर्ट दी। सिपाही द्वारा लगाए गए आरोपों को सही पाया गया। इस पर एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने समुचित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भाजपा नेता कपिल देव वर्मा पर सुसंगत धाराओं 147,149,332,353,186,504,506,507 आई0पी0सी0,31 द 31 ध में केस दर्ज किया गया है।
.jpg)