सपा और आरएलडी गुंडा टैक्स प्लान कर रहे : सीएम योगी

सपा और आरएलडी गुंडा टैक्स प्लान कर रहे : सीएम योगी

मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा उप चुनाव में जनसभा को संबोधित करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने सपा और आरएलडी पर कटाक्ष किया। कहा कि यहां सपा और आरएलडी गुंडा टैक्स प्लान कर रहे हैं। आपको संभलना है। विकास को लेकर भाजपा की नियत साफ है। सपा के शासन की तानाशाही आपको याद ही होगी। हजारों हिंदुओं को जेल भेजा गया। चौधरी साहब के नाम पर यहां आरएलडी राजनीति कर रही है। बाकी सपा का शासन तो तालिबानियों की तरह था। जब आप पर अत्याचार हो रहा था, उस वक्त सपा और आरएलडी के नेता कहां थे?



हमारी सरकारी हर गरीब के लिए काम कर रही है। भाजपा के शासन में ही आप सुरक्षित है। खतौली तो क्रांतिकारियों की धरती है। बाकी आप लोग हिम्मत से काम लीजिए, जो बचा होगा कि हमारा बुलडोजर पूरा कर देगा। जो बची हुई गर्मी है, वो उतार दी जाएगी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों को पनपने नहीं देना है। विकास के बैरियर को हर हाल में हटाना है। व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी देनी है। राजकुमारी सैनी को इसलिए भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाकर आपके बीच उतारा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में काम किया है। इस चुनाव में जीत का रिकॉर्ड तोड़ देना है।


सीएम बुधवार को खतौली नवीन मंडी स्थल पहुंचे थे। भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- सपा के शासन में अन्नदाता अपने खेत नहीं जा पाते थे। पहले सत्ता प्रयोजित अपराध थे। कवाल के बवाल एसपी का कलंक था। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थी। अब ये आपको सोचना है कि वही माहौल चाहिए। या राजकुमारी सैनी चाहिए।


2022 में खतौली सीट पर निर्वाचित हुए भाजपा के विक्रम सैनी को कोर्ट ने 2013 दंगे के एक मामले में 2 वर्ष की सजा सुनाई थी। जिसके बाद उन्हें विधानसभा के लिए अयोग्य करार दिया गया। जिसे लेकर विपक्ष ने भी काफी हल्ला किया। इस बीच घोषित उप चुनाव में भाजपा ने विक्रम सैनी की धर्मपत्नी को ही पार्टी प्रत्याशी बनाकर जनता के बीच भेजा। जिसे जिताने के लिए पार्टी अब एडी से चोटी के जोर लगा रही है।


विपक्ष ने राजकुमारी सैनी के विरुद्ध जिस तरह की व्यूह रचना कि उसे देखते हुए भाजपा ने भी सुरक्षा घेरे को काफी मजबूत बनाया। इस सियासी प्रक्रिया में राजकुमारी सैनी की जीत भाजपा की प्रतिष्ठा का कब सवाल बनी किसी को पता ही नहीं चला।


भाजपा अपनी प्रत्याशी की जीत के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती। इसलिए पार्टी ने खतौली विधानसभा क्षेत्र के जातीय आंकड़े को ध्यान में रख प्रचार के लिए एक-एक नेता मैदान में उतारा। शुरुआत डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी की नामांकन सभा में पहुंचकर की। उसके बाद पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी आदि खतौली क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।


इनके अलावा आसपास जिलाें के भाजपा के कई अन्य नेता और विधायक तथा सांसद भी खतौली विधानसभा का दौरा कर चुके हैं। इन नेताओं की क्षेत्र में आमद करा पार्टी ने सैनी, गुर्जर, जाट, कश्यप, त्यागी, ठाकुर और दलित आदि समाज के लोगों को राजकुमारी सैनी के पक्ष साधने का प्रयास किया है। मुस्लिम पसमांदा समाज के मतदाताओं की गोलबंदी के लिए भी भाजपा ने अल्पसंख्यक राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी को मैदान में उतारा है। जो आज खतौली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी के हक में वोट मांगेगे।


मंगलवार को सरधना से पूर्व विधायक ठा. संगीत सिंह सोम ने खतौली क्षेत्र के ठाकुर बाहुल्य गांव में घूम-घूमकर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योगी आदित्यनाथ को सुनने का निवेदन किया।

Post a Comment

और नया पुराने