अम्बेडकरनगर।चोरी की वारदातों को लेकर लापरवाही में एसपी एके सिन्हा ने टांडा व अकबरपुर कोतवाली के नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें दो दरोगा, दो हेड कांस्टेबल और पांच सिपाही शामिल हैं। इसके साथ ही दोनों क्षेत्र के कोतवाल की कार्यप्रणाली को लेकर जांच भी शुरू करा दी है।
जिले में चोरी की बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए सोमवार को एसपी ने कड़ा कदम उठाया। इसमें टांडा व अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदातों की समीक्षा में पुलिसकर्मियों की लापरवाही पाई। टांडा के हलका नंबर दो में 10 और 13 जनवरी को चोरी की दो बड़ी घटनाएं हो गईं।
इसमें जगदीशपुर निवासी दीपनरायन सिंह के घर से जेवर व अन्य सामान जबकि बभनजोतिया निवासी अरविंद मौर्य की दुकान से जनरेटर और डीजे उपकरण की चोरी कर ली गई थी। इसी मामले में दरोगा अदील अहमद, मुख्य आरक्षी विनय यादव व राजेश गौतम, सिपाही रुखसार, शिवप्रकाश व गुरुलाल कांदू को एसपी ने लापरवाही में निलंबित कर दिया।
उधर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में भी बीते दिनों हुई चोरी की वारदातों में लापरवाही को लेकर दरोगा धर्मेंद्र सिंह और सिपाही मोहित शर्मा समेत एक अन्य सिपाही विवेक को भी निलंबित कर दिया। इससे पहले एसपी ने टांडा और अकबरपुर के सीओ से दोनों कोतवाली क्षेत्र में हुईं चोरी की वारदातों को लेकर रिपोर्ट तलब की। इसमें दोनों सर्किल के सीओ ने इलाके में तैनात दरोगा व सिपाहियों की लापरवाही का उल्लेख किया।
एसपी ने इसी रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर दी। पुलिसकर्मियों के निलंबन के साथ-साथ एसपी ने दोनों कोतवाल की कार्यप्रणाली को लेकर जांच के भी निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया कि यह देखा जाए कि घटनाओं को रोकने के लिए दोनों कोतवाली प्रभारियों द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया जा रहा है या नहीं। इस बीच सोमवार को नौ पुलिसकर्मियों के निलंबन के चलते महकमे में हड़कंप का माहौल रहा।
.jpg)