भाड़ झोंकने का सर्वे प्रपत्र

भाड़ झोंकने का सर्वे प्रपत्र

- रामविलास जांगिड़


 
रामविलास जांगिड़

प्रियवर! देश में भाड़ झोंकने की कला का विकास किया जा रहा है। नई शिक्षा, कला एवं संस्कृति नीति के अनुरूप इस कला को विशिष्ट दर्जा दिया जा रहा है। इस संदर्भ में केंद्रीय विश्वविद्यालय का भी शुभारंभ किया जा चुका है। आपसे सादर निवेदन है कि निम्नलिखित प्रश्नों पर अपने विचार देने के लिए थोड़ा समय हमें अवश्य दें। आपके दिए गए प्रश्नों के उत्तरों से देश के युवाओं को नई रोशनी मिलेगी। 


लीजिए! ये प्रश्न इस प्रकार है- 1.भाड़ झोंकने की कला में आपकी रुचि कैसे उत्पन्न हुई? किस भाड़ झोंकक से आपको भाड़ में जा कर इसे झोंकने की प्रेरणा मिली? 


2.आपकी पहली भाड़ झोंकन महिमा की घटना मीडिया में अवतरित हुई? इसे कितने घंटों तक मीडिया में चलाया जा कर दर्शकों का मनोरंजन किया गया। इसे कब और किस चैनल पर पुनः प्रसारित किया गया? 


3.भाड़ झोंकन कला की किस-किस विधा में आपने काम किया है? किस विधा विशेष में आपकी रुचि सर्वाधिक है? इस विशिष्ट रूचि के पैदा होने के कारणों पर चर्चा कीजिए। 


4.आपने भाड़ झोंकने की कला और बला दोनों में से चुनाव कैसे किया? कब-कब यह कला एक विशिष्ट बला में परिवर्तित हो जाती है, इसका उल्लेख जरूर करें। 


5.आपका भाड़ झोंकने की कला का संसार बड़ा व्यापक है?कृपया अपनी भाड़ झोंकक विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख करें। 


6.आप अपने भाड़ झोंकने की कला में विषय वस्तु कैसे चुनते हैं? जगह, स्थान, सामग्री और दिन को लेकर आपके द्वारा की गई झोंकक पद्धतियों का विवरण कीजिए। आपके द्वारा भाड़ झांकने के किए गए कार्यक्रमों में कौन-कौन सी पार्टियों के कौन-कौन से नेता आए। उन्होंने अपने ढंग से अपनी निजी भाड़ झोंकने की घटना को किस प्रकार आपके माथे पर पेल दी। 


7.भाड़ झोंकक घटनाओं में आपके सहयोगी व्यक्ति वास्तविक जीवन से जुड़े होते हैं या काल्पनिक होते हैं? आपका सबसे प्रिय पात्र (महिला अथवा पुरुष कृपया स्पष्ट उल्लेख करें) कौन सा होता है? 


8. आपकी भाड़ झोंकने की कला प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले मूल तत्व क्या है? अपने अन्य साथी भाड़ झोंकक कलाकारों से आप किस तरह से संबंध स्थापित करते हैं? 


9.सामाजिक परिवेश और उसमें होने वाले परिवर्तनों से आपकी भाड़ झोंकने की कला पर क्या प्रभाव पड़ता है? 


10.आप अपनी कौन सी भाड़ झोंकने की कला को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं और क्यों?


11.आजकल भाड़ झोंकने की कला पर काफ़ी कुछ लिखा जा रहा है किन्तु दर्शक उतने प्रभावित नहीं हो पा रहे हैं। आपकी दृष्टि में इसके क्या कारण है? 


12.डिजिटल युग में आपको भाड़ झोंकने की कला का क्या भविष्य प्रतीत होता है? 


13.विदेशों में रह रहे प्रवासी देशवासियों के संबंध में भाड़ झोंकने की कला की समृद्धि के लिए आपके क्या विचार है? 


14.भाड़ झोंकने की कला के अलावा आपकी अन्य अभिरुचियां क्या हैं? 


15.उदीयमान भाड़ झोंकने के कलाकारों के लिए आप क्या संदेश देना चाहते हैं? इन कलाकारों को एक सिद्धहस्त कलहकार बनाने के लिए आप क्या उपाय बताना चाहेंगे? 


16.देश में भाड़ झोंकने के कार्यक्रमों में लगातार वृद्धि होनी चाहिए। इसके लिए आप क्या सुझाव देना चाहते हैं?

Post a Comment

और नया पुराने