उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है. इस बीच समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे से वोटिंग जारी है. राज्य के 38 जिलों में शाम छह बजे तक वोटिंग होगी. इस बीच समाजवादी पार्टी के सरधना से विधायक अतुल प्रधान ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
सपा विधायक ने कहा, "मेरठ वार्ड 04 बूथ संख्या-53 पर कुछ लोग फ़र्जी मतदान कर रहे है. कृपया चुनाव आयोग संज्ञान ले एव निष्पक्ष मतदान सुचारु करें." उन्होंने कहा, "बूथ संख्या-661,662 एव 674. वार्ड संख्या- 55 पर पुलिस इंचार्ज फतेलापुर अंदर बैठकर वोट डलवा रहा है. मेरठ वार्ड 77 लखीपुरा में मतदान धीमा चल रहा है." इससे पहले अतुल प्रधान ने निकाय चुनाव के लिए वोट किया. उनके साथ पत्नी और सपा की मेरठ से मेयर प्रत्याशी सीमा प्रधान ने भी वोट डाला. दोनों पति-पत्नी ने साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचे थे.
अतुल प्रधान और सीमा प्रधान ने सेंट्रल मार्केट शास्त्री नगर में मीनाक्षी पब्लिक स्कूल पर अपना वोट डाला. इसके बाद सपा विधायक ने मीडिया से बात करते हुए लोगों से बढ़-चढ़ कर वोट डालने की अपील की. उन्होंने कहा, "ज्यादा से ज्यादा मतदाता मतदान करें. मेरठ के विकास और बदलाव के लिए मतदान करें."
गौरतलब है कि गुरुवार प्रदेश के मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलन्दशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, कानपुर देहात और अमेठी समेत 38 जिलों में वोटिंग हो रही है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण के तहत राज्य के 38 जिलों में 1.92 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे.
.jpg)