रिपोर्ट:- बृजेंद्र वीर सिंह
अंबेडकरनगर। जनपद में सरोवरों के विशेष सौंदर्यीकरण को लेकर जिला अधिकारी अविनाश सिंह द्वारा मंगलवार को जिले के जलालपुर तहसील व भियांव ब्लॉक अंतर्गत जगदीशपुर कपिलेश्वर में पूजन अर्चन कर सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि यहां आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने के स्थान के साथ ही अन्य खास प्रबंध किए जाएंगे।जलाशय प्राकृतिक धरोहर होते हैं। जल पर ही जीवन निर्भर है। इनकी सुरक्षा करना हम सभी का दायित्व बनता है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा सरोवरों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस क्रम में जगदीशपुर कपिलेश्वर मे अमृत सरोवर त्रिस्तरीय महायोजना को आकार मिलने पर न सिर्फ क्षेत्र बल्कि जिले व प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलेगी और लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
सरोवर के सौंदर्यीकरण के इस अभियान में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, जिला विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह के साथ कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों ने भी सरोवर सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दी।
जिला विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पक्षी विहार पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना तथा जल निकायों को प्रदूषण से बचाने और जलीय जीवन और पर्यटकों के लिए समान रूप से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता हेतु जागरूक करना है। यह पहल पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए है।
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस सफाई अभियान का हिस्सा बनने के लिए जनपद के लोग बड़ी संख्या में आगे आएं क्योंकि यह दूसरों को स्वच्छ और स्वच्छ समाज बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।यह अति आवश्यक है कि हम भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन जल निकायों के संरक्षण और रखरखाव को प्राथमिकता दें।



