वोट बैंक के लिए कांग्रेस इसका विरोध कर रही : मोदी
भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रायचूर में रोड शो किया। यहां उन्होंने कहा कि लंबे समय से आरक्षण को जो विषय चल रहा था, उसको रोकने का काम कांग्रेस ने किया है लेकिन बोम्मई साहब ने दलितों का 2%, आदिवासियों का 4% और लिंगायतों का 2% आरक्षण बढ़ा दिया। इसके साथ ही धर्म के आधार पर आरक्षण को समाप्त कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के बल्लारी के म्युनिसिपल हाई स्कूल ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म 'द केरल स्टोरी' का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्रीने कहा कि बीते कुछ वर्षों में आतंकवाद का एक और भयानक स्वरूप पैदा हो गया है। बम, बंदूक और पिस्तौल की आवाज तो सुनाई देती हैं, लेकिन समाज को भीतर से खोखला करने की आतंकी साजिश की कोई आवाज नहीं होती। ऐसी ही आतंकी साजिश पर बनी फिल्म 'द केरल स्टोरी' की इन दिनों काफी चर्चा है। कहते हैं कि केरल स्टोरी सिर्फ एक राज्य में हुई आतंकवादियों की नीति पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि फिल्म आतंकी साजिशों को लेकर बनाई गई है। इसके जरिए आतंकवाद के खौफनाक और असली चेहरे को बेनकाब किया गया है। अब कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ बनी इस फिल्म का विरोध कर रही है। वे आतंकी प्रवृत्तियों के साथ खड़े हैं। कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक के लिए आतंकवाद का बचाव किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, लॉ एंड ऑर्डर सबसे प्रमुख आवश्यकता है। कर्नाटक का आतंकवाद से मुक्त रहना भी उतना ही जरूरी है। भाजपा हमेशा से आतंकवाद के खिलाफ कठोर रही है। जब भी आतंकवाद पर कार्रवाई होती है कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं ये देख कर हैरान हूं कि अपनी वोट बैंक के खातिर कांग्रेस ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए हैं। ऐसी पार्टी क्या कभी भी कर्नाटक की रक्षा कर सकती है? आतंक के माहौल में यहां के उद्योग, IT इंडस्ट्री, खेती, किसानी और गौरवमयी संस्कृति सब कुछ तबाह हो जाएगी।
.jpg)