Ambedkar Nagar News: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को वाहन ने रौंदा

Ambedkar Nagar News: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को वाहन ने रौंदा



अंबेडकरनगर। मॉर्निंग वॉक पर निकली अधेड़ महिला को अज्ञात वाहन ने शुक्रवार सुबह रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में रोना पीटना मचा हुआ है। महिला प्रतिदिन सुबह टहलने के लिए जाती थी।


जैतपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की रहने वाली सिंगारी देवी (55) रोज की तरफ शुक्रवार सुबह भी घर से टहलने के लिए निकली थीं। यूं तो रोज उनके साथ एक दो अन्य महिलाएं भी रहा करती थीं लेकिन शुक्रवार सुबह कोई अन्य महिला मॉर्निंग वॉक के लिए घर से नहीं निकली। इस पर सिंगारी अकेले ही टहलने के लिए निकल गईं।


वे गांव से बमुश्किल दो सौ मीटर दूर आगे नेवादा जलालपुर रामगढ़ मुख्य मार्ग पर पहुंचीं तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ी थीं। इसी बीच गांव से नेवादा बाजार जा रहे एक व्यक्ति ने महिला को पड़ा देखा तो परिवार को फोन से सूचना दी। थोड़ी ही देर में पहुंचे परिजन महिला को लेकर सीएचसी नगपुर गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाद में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।


मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। घर में पति चैन यादव के अलावा तीन पुत्रों में से मंझला धर्मेंद्र रहता है। पिता पुत्र मिलकर खेती किसानी संभालते हैं। घटना के बाद से दोनों का रो रोकर बुराहाल है। कई रिश्तेदार व अन्य लोग भी इस हादसे से गमगीन दिखे। बड़े पुत्र रवींद्र के अलावा एक अन्य पुत्र बाहर रहकर निजी नौकरी करता है।

Post a Comment

और नया पुराने