अम्बेडकरनगर। टांडा नगर के अलीगंज क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला काजीपुरा में हुई नूर आलम की हत्या से सम्बन्धित घटना का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। इस हत्या कांड में शामिल पिता और दो पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया। यह खुलासा थाना अलीगंज पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने घटना के 12 घंटे के अंदर ही कर लिया। प्रकाश में आये अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार हुए के परिवार की बालिका को मृतक द्वारा परेशान करने का आरोप है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजीपुरा में सलमान उर्फ नूर आलम पुत्र स्व. शमसाद कुरोशी की शनिवार की अल सुबह में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
गंभीर रूप से घायल करने की सूचना पर अलीगंज पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गंभीर रूप से घायल नूर आलम को उपचार के लिए सीएचसी टाण्डा ले गई जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया था। अलीगंज पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया था।
मामले में वादी जमशेद पुत्र शमशाद अली ने वादी के भाई नूर आलम पुत्र शमशाद अली उम्र करीब 28 वर्ष की घर के पास में चाकू गोदकर एक नामजद तथा एक अज्ञात अभियुक्त पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना स्थानीय पर लिखित तहरीर दी गई थी । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ व अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने घटना स्थल का भौतिक निरीक्षण किया था। इन अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता की तथा घटना के सफल अनावरण हेतु स्वाट व सर्विलांस तथा थाना स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल ने दावा किया कि पुलिस टीम ने प्राप्त भौतिक साक्ष्यों तथा सर्विलांस टीम की मदद से प्रकाश में आए अभियुक्तों को मुखबिर खास की सूचना पर रुस्तमपुर हाइवे से गिरफ्तार कर निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद चाकू व कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार हत्या में शामिल मो. सुल्तान पुत्र मो. नसीम उम्र करीब 18 वर्ष, मो. अरमान पुत्र मो. नसीम उम्र करीब 22 वर्ष व मो. नसीम पुत्र मो. खालीद उम्र करीब 58 वर्ष समस्त निवासीगण सकरावल पश्चिम मौलवी का पुरवा कोतवाली टाण्डा को गिरफ्तार किया गया है।
अलीगंज थानाध्यक्ष अभय मौर्य ने बताया कि गिरफ्तारशुदा अभियुक्तगण से पुलिस टीम द्वारा हत्या के सम्बन्ध में पूछताछ की गई तो उन लोगों ने बताया कि मृतक नूर आलम अभियुक्त की बहन को कुछ माह पूर्व से आये दिन परेशान करता था जिसको लेकर शनिवार सुबह करीब 5.20 बजे नूर आलम को किसी बहाने से घर के बाहर बुलाकर चाकू से गोदकर गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
आरोपियों को गिरफ्तार करने में अलीगंज थानाध्यक्ष मय पुलिस बल तथा स्वाट टीम व सर्विलांस टीम शामिल रही।
जघन्य हत्या कांड का 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश किए जाने पर क्षेत्र में अलीगंज थानाध्यक्ष अभय कुमार और जिला पुलिस की तत्परता की प्रशंसा हो रही है।
