अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में फोरलेन निर्माण का जिला प्रशासन ने विस्तार करने का निर्णय लिया है। 33 करोड़ 82 लाख की लागत से पटेलनगर तिराहा से लेकर कलेक्ट्रेट होते हुए कटरिया याकूबपुर तक पहले से ही फोरलेन का निर्माण शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। अब प्रशासन ने पटेलनगर से लेकर बस स्टेशन तक बीच में डिवाइडर के साथ फोरलेन निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है।
अकबरपुर नगर के स्वरूप को बदलने की दिशा में प्रशासन ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अयोध्या से अकबरपुर होते हुए बसखारी तक फोरलेन मार्ग का निर्माण इन दिनों चल रहा है। इसमें नगर सीमा के भीतर चौड़ाई कम रखी गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नगर में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इससे दोनों तरफ की पटरियां नीची हो गई हैं।
डीएम अविनाश सिंह ने गत दिवस इस स्थिति को नगर भ्रमण के दौरान देखा तो बस स्टेशन से लेकर पटेलनगर तक लगभग एक किमी. सड़क को भी फोरलेन में परिवर्तित करने का निर्णय लिया। इसी को लेकर डीएम ने कई अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों तरफ साढ़े तीन साढ़े तीन मीटर सड़क को चौड़ा व ऊंचा किए जाने के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को कहा गया कि सड़क के बीच में डिवाइडर, मार्ग प्रकाश तथा बिजली लाइन को अंडरग्राउंड करने में आने वाले अनुमानित खर्च की रूपरेखा तैयार की जाए। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन व ईओ बीना सिंह के अलावा कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की कोशिश है कि बस स्टेशन से लेकर कटरिया याकूबपुर तक के क्षेत्र को भव्य लुक दिया जा सके। यह सिविल लाइंस एरिया के तौर पर जाना जाए, इसके लिए ही यह कवायद की जा रही है। इसमें बिजली पोल को हटाकर केबिल को अंडरग्राउंड ले जाने, आकर्षक ढंग की लाइट लगाने, सजावटी पोल लगाने तथा डिवाइडर पर पौधे लगाने आदि की योजना शामिल है। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि इससे समूचे अकबरपुर नगर की दशा और निखरेगी। शहर के कई तिराहों, चौराहों व सार्वजनिक स्थानों की दशा पहले ही बदली जा चुकी है।
