मऊ। मऊ की घोसी सीट से भाजपा के पूर्व सांसद हरिनरायन राजभर के बोल शुक्रवार को बिगड़ गए। उन्होंने कहा कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर मुख्तार अंसारी के शूटर हैं। इनके संबंधों की जांच कराकर कार्रवाई की जानी चाहिए। हरिनारायण राजभर 2014 मे घोसी सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे। 2019 में भी भाजपा ने उन्हें टिकट दिया था लेकिन बसपा के अतुल राय से हार का मुंह देखना पड़ा था। मऊ की ही सदर सीट से मुख्तार अंसारी विधायक हैं।
पूर्व सांसद ने शुक्रवार को शहर स्थिति निजामुद्दीनपुरा में मीडिया से बातचीत में कहा कि खुद ओमप्रकाश राजभर ने यह स्वीकार किया है कि उनका संबंध मुख्तार अंसारी से 25 वर्षों से है। ऐेसें में ओमप्रकाश के मामले की योगी सरकार की ओर से जांच करानी चाहिये। पूर्व सांसद ने कहा कि मुख्तार से संबंध रखने वालों और उनके नजदीकियों पर कार्रवाई हो रही है। ऐसे में ओमप्रकश राजभर को भी नहीं बख्शा जाना चाहिए।
पूर्व सांसद ने कहा कि वर्ष 2017 से ओमप्रकाश राजभर विधायक हैं। इसके पहले यह मुख्तार के लिये काम करते थे। पूर्व सांसद ने ओमप्रकार राजभर पर यह भी आरोप लगाया कि वह भी मुख्तार अंसारी के साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे होंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव को अपमानित करने का भी ओमप्रकाश राजभर कार्य कर रहे हैं। पार्टी बनाकर सुहेलदेव को राजभर समाज को छलने का काम कर रहे हैं।
इस बहुरुपियों को राजभर समाज पहचान गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा फिर प्रदेश में सरकार बनायेगी। राजभर समाज किसी के बहकावें में न आये। इस दौरान भाजपा के मीडिया संयोजक उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
