प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) जमाकर्ता प्रथमः 5 लाख रुपए तक के समयबद्ध जमा राशि बीमा भुगतान की गारंटी समारोह को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के लिए बैंकिंग सेक्टर के लिए और देश के करोड़ों बैंक अकाउंट होल्डर्स के लिए महत्वपूर्ण दिन है।
दशकों से चली आ रही एक बड़ी समस्या का कैसे समाधान निकाला गया है, आज का दिन उसका साक्षी बन रहा। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पहले बैंक डूबने पर सिर्फ पछतावा होता था लेकिन आज से 5 लाख रुपए तक की गारंटी मिलेगी।
गौरतलब है कि अब बैंक डूबने की स्थिति में अकाउंट होल्डर को मिलने वाले भुगतान को बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया गया है। इससे पहले अगर कोई बैंक डूबता या दिवालिया होता था तो उसके ग्राहक को सिर्फ एक लाख रुपए तक का ही रिफंड मिलता था।
अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया है। इसी सिलसिले में आज पीएम मोदी ने विज्ञान भवन में 'डिपॉजिटर्स फर्स्ट: गारंटीड टाइम-बाउंड डिपॉजिट इंश्योरेंस पेमेंट अप टू 5 लाख रुपए' प्रोग्राम को संबोधित किया।