दिन में इन 5 समय पर पानी पीने से शरीर खुद ब खुद रहता है 'डिटॉक्स'

दिन में इन 5 समय पर पानी पीने से शरीर खुद ब खुद रहता है 'डिटॉक्स'


पानी पीना हमारे
शरीर के लिए कितना जरूरी है इसका अंदाजा सभी को है। जिस तरह जीवन जीने के लिए सांस का लेना जरूरी है ठीक उसी तरह जीवन को दुरुस्त और स्वस्थ रखने के लिए पानी पीना बहुत जरूरी होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही समय पर पानी पीना हमारे स्वास्थ्य के लिए कितना जरूरी है। दरअसल सही समय पर पानी पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और न ही हम डिहाइड्रेट महसूस करते हैं। सर्दी हो या गर्मी पानी की सही मात्रा और समय पर पिया गया पानी आपके शरीर को निरोग रखने में मदद कर सकता है। आइए जानते हैं किस समय पर पानी पीना हमारे शरीर के लिए जरूरी होता है।

जब आपको भूख लगे

कभी-कभार हमें वास्तव में पानी की भूख होती है। ज्यादातर मामलों में लोगों को यह एहसास ही नहीं होता कि उन्हें प्यास भी लगी है। दरअसल हमारा दिमाग भूख और प्यास दोनों स्थितियों में एक समान संकेत देता है, जिससे पहचानना मुश्किल हो जाता है कि आपको भूख लगी है या फिर प्यास। इसलिए जब भी आप कैंटीन जाए तो पहले थोड़ा पानी जरूर पी लें। फिर थोड़ी देर देखें और जानें क्या आपकी भूख शांत हुई है या नहीं।

सुबह उठने के बाद

सुबह का वक्त शरीर को हाइड्रेट रखने का सबसे अच्छे समय होता है। दरअसल लंबी रात के बाद आपका शरीर भूखा होता है। इसलिए दिन की शानदार शुरुआत करने के लिए पानी सबसे अच्छा विकल्प है। हां, आप इसमें एंटीऑक्सिडेंट फाइटोन्यूट्रिएंट्स, विटामिन सी और पोटेशियम के गुण को बढ़ाने के लिए आधा नींबू निचोड़ सकते हैं।

पसीना आए तो जरूर पिएं पानी

जरा सी भाग-दौड़ या फिर इंटेंस वर्कआउट आपको पसीना ला सकता है, जिसके कारण शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है। शरीर में पानी की कमी के कारण आपकी मांसपेशियां सिकुड़ने लगती हैं और आपका शरीर धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। इसलिए आपको वर्कआउट के दौरान या फिर उससे पहले ढेर सारा पानी पीने की जरूरत है ताकि आपको पानी की कमी न हो।

एक्सरसाइज से पहले, बीच और बाद में पिएं पानी

वर्कआउट के दौरान आप जितना भी पसीना बहाते हैं उसकी पूर्ति करने के लिए आपको बहुत सारा पानी पीने की आवश्यकता होती है। लेकिन कितना पानी पीना चाहिए इसकी मात्रा की सही जानकारी किसी को नहीं होती? इसलिए आप एक न्यूट्रिशिनिस्ट से मिलें और उससे पानी की सही मात्रा की जानकारी लें। वर्कआउट के दौरान पानी पीने से न सिर्फ आपको पर्याप्त ऊर्जा मिलती है बल्कि शरीर में डिहाइड्रेशन भी नहीं होता है।

बीमार होने पर पिएं पानी

जब आप बीमार होते हैं तो हाइड्रेट रहने से आपको जल्दी ठीक होने में मदद मिलती है। दस्त, उल्टी और बुखार जैसे लक्षणों से शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए बीमारी के पहले संकेत पर खूब पानी पिएं, खासकर अगर आपको भूख नहीं है। शराब और कैफीनयुक्त पेय से दूर रहना भी जरूरी है खासकर बीमारी में। ये दोनों चीजें आपके सिस्टम को और भी अधिक शुष्क कर देती हैं और आपको अपना गला सूखा-सूखा महसूस होता है।

Post a Comment

और नया पुराने