बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। दोनों हाल ही में कोविड प्रोटोकॉल तोड़ते हुए कई पार्टियों में शामिल हुई थीं। सूत्रों के मुताबिक दोनों घर पर ही आइसोलेट हैं और उनकी हालत स्थिर है। साथ ही डॉक्टरों की सलाह पर उनको इलाज मुहैया करवाया जा रहा है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी ने दोनों एक्ट्रेस के संपर्क में आए लोगों को कोरोना का RT-PCR टेस्ट करवाने के आदेश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दो दिन पहले करीना कपूर और अमृता करण जौहर की पार्टी में शामिल हुई थीं। उस दौरान उनकी बहन करिश्मा भी मौजूद थीं। ये पार्टी करण ने 'कभी खुशी कभी गम' के 20 साल पूरे होने पर रखी थी। आरोप है कि दोनों पॉजिटिव एक्ट्रेस ने कई कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए हिस्सा लिया था। जिस वजह से वो वायरस की चपेट में आईं। फिलहाल उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कर उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। वहीं दोनों एक्ट्रेस की टीम ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।