अम्बेडकरनगर। जिले के परिवहन महकमे द्वारा मनाया जा रहा तृतीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अन्तिम दिन 12 दिसम्बर 2021 को समापन समारोह पर विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों ने ओवरलोडिंग, सड़क के किनारे खड़े अवैध वाहनों एवं रिफ्लेक्टिव टेप की सद्भावनापूर्ण चेकिंग किया। इसके साथ ही चीनी मिल के सहयोग से गन्ना ढुलाई वाहनों (ट्रक-ट्रैक्टर ट्राली) में रेट्रो-रिफ्लेटिव टेप लगवाया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत वाहन चालकों को रात्रि में हेड लाइट के हाई बीम/लो बीम के प्रयोग के सम्बन्ध में जागरूक किया गया।
तृतीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के समापन समारोह के दौरान रविवार 12 दिसम्बर को अपरान्ह टैम्पो/टैक्सी यूनियन एवं ट्रान्सपोर्ट एसोसिएशन के साथ परिवहन महकमे के अधिकारियों/कर्मचारियों ने एक विचार गोष्ठी किया। इसके साथ ही विभाग के सहयोग से स्कूली वाहन चालकों का सामान्य स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी कराया गया। समापन समारोह में उपस्थित 38 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण हुआ।
उक्त कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी बी.डी. मिश्र, यात्रीकर/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, डॉ. सुरेन्द्र कुमार (जिला चिकित्सालय अम्बेडकरनगर) पंकज कुमार (फार्मासिस्ट जिला चिकित्सालय) के अलावा परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी, मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल एवं प्रदूषण जांच केन्द्र के संचालक उपस्थित रहे।