मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसके बाद से सभी राजनीतिक दलों के नेता आए दिन किसी न किसी धार्मिक स्थल पर मत्था टेकने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने यहां ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में पूजा की।
इस दौरान मथुरा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर सहित कई पार्टी पदाधिकारी थे। हालांकि भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में वोट नहीं मांगे। सीएम बघेल ने कहा कि वह कई बार यहां आ चुके हैं। आज फिर बांकेबिहारी लाल के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। इसके अलावा सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से बड़ा कोई राजनीतिज्ञ नहीं है।
उनका आशीर्वाद लेने आया हूं कि इस सियासी महाभारत में सत्य की जीत हो। वहीं यूपी में कांग्रेस की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि आज आम जनता की लड़ाई है। किसान, मजदूरों, महिलाओं और नौजवानों की लड़ाई कांग्रेस लड़ रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का आशीर्वाद कांग्रेस को जरूर मिलेगा।