आचार संहिता ने लगाया विकास कार्यों पर ब्रेक

आचार संहिता ने लगाया विकास कार्यों पर ब्रेक


अम्बेडकरनगर।
विधानसभा चुनाव के लिए लागू हुई आदर्श आचार संहिता ने कई विकास कार्यों पर ब्रेक लगा दिया है। इसमें जिलेभर के सभी अस्पतालों की दवाओं को रखने के लिए बनाए जाने वाले ड्रग वेयर हाउस, दो पीएचसी भवन व ग्राम पंचायतों में कंपोजिट पिट के अलावा कई अन्य तरह के विकास कार्य शामिल हैं। अब विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद ही इन योजनाओं पर अमल संभव हो पाएगा। हालांकि कई ऐसी योजनाएं हैं, जिनका कार्य शुरू हुआ था, वह चलता रहेगा।ग्रामीण क्षेेत्रों में सफाई रखने तथा गीले कचरे से जैविक खाद बनाए जाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की सभी 902 ग्राम पंचायतों में कंपोजिट पिट बनाने की स्वीकृति शासन ने प्रदान की थी। 

प्रथम चरण में जिले की 156 ग्राम पंचायतों में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से कंपोजिट पिट का निर्माण होना था। इस संबंध में जरूरी प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई थी। इस बीच विधानसभा चुनाव को लेकर जारी आचार संहिता के चलते कंपोजिट पिट के निर्माण पर ब्रेक लग गया। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की योजना को तगड़ा झटका लगा है। डीपीआरओ कार्यालय के संजीत पटेल ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कंपोजिट पिट का निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।

वहीं, आचार संहिता की मार ड्रग वेयर हाउस के निर्माण पर भी पड़ी है। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से तिवारीपुर गांव के निकट ड्रग वेयर हाउस के निर्माण को शासन ने हरी झंडी प्रदान की थी। इसके लिए तिवारीपुर गांव में भूमि के चिह्नांकन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई थी। उम्मीद थी कि शीघ्र ही ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। हालांकि इस बीच आचार संहिता लागू हो गई, जिससे फिलहाल ड्रग वेयर हाउस के निर्माण कार्य की प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है।

इसके अलावा जलालपुर व भीटी में पीएचसी के निर्माण पर भी आचार संहिता की गाज गिरी है। मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन ने जलालपुर व भीटी में एक- एक पीएचसी भवन के निर्माण को संस्तुति प्रदान की थी। निर्माण का कार्य प्रारंभ हो सके, इसके लिए जरूरी प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई थी। इस बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने से इनका निर्माण कार्य रुक गया है। सीएमओ कार्यालय के अवर अभियंता विजयपाल सिंह ने बताया कि आचार संहिता लागू होने से ड्रग वेयर हाउस के साथ ही जलालपुर व भीटी में बनने वाले पीएचसी के निर्माण की प्रक्रिया रोक दी गई है।

आदर्श आचार संहिता का होगा पालन

इस सम्बन्ध में अपर जिलाधिकरी अशोक कुमार कन्नौजिया ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता का पालन पूरी तरह से सुनिश्चित कराया जा रहा है। आयोग के निर्देश की जद में जो भी योजनाएं आएंगी, उनका काम नियमानुसार बाद में कराया जाएगा। हालांकि नियमों के अनुरूप जो कार्य हो सकता हैं, वह होता रहेगा।

Post a Comment

और नया पुराने