उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कई मौजूदा बीजेपी विधायकों और मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान और धर्म सिंह सैनी सहित कई नेताओं ने बीजेपी छोड़कर सपा का दामन थामा। बीजेपी में मची इस भगदड़ ने पार्टी को बैकफुट पर ला दिया है। इसी बीच बीजेपी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह की अफवाहें वायरल हो रही है। जिसमें एक वायरल हो रही खबर में दावा किया जा रहा है कि, अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ही बीजेपी छोड़कर सपा ज्वॉइन करने की धमकी दे दी है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ब्रेकिंग न्यूज स्क्रीनशॉट दावा किया जा रहा है कि, अमित शाह ने की मुख्यमंत्री बदलने की बात तो योगी आदित्यनाथ ने दे डाली सपा ज्वाइन करने की धमकी'। इसके साथ ही स्क्रीनशॉट में लिखा है, डैमेज कंट्रोल करने में जुटी भाजपा। ये स्क्रीनशॉट K News India न्यूज चैनल के है। अब वन इंडिया की फैक्ट चैक टीम ने इस वायरल दावे की पड़ताल की है।
हमारी जांच में पता चला है कि, वायरल हो रहा ये स्क्रीनशॉट फेक है। ये स्क्रीनशॉट K News India न्यूज चैनल के एक बुलेटिन को एडिट कर बनाया गया है, न्यूज चैनल ने भी स्पष्ट किया है कि उनकी तरफ से ऐसा कोई बुलेटिन प्रसारित नहीं हुआ है। हमने वायरल स्क्रीनशॉट की तुलना 'के न्यूज इंडिया' चैनल की एक खबर के स्क्रीनशॉट से की। साफ देखा जा सकता है कि दोनों के फॉन्ट्स में काफी अंतर है।
हमने K News India का ट्विटर हैंडल भी चेक किया। हमें 12 जनवरी का ट्वीट मिला, जिसमें स्पष्टीकरण दिया गया है कि वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट फेक है। चैनल ने ये भी कहा है कि फेक न्यूज के जरिए चैनल की छवि खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली जिसमें यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के सपा में शामिल होने की धमकी देने का जिक्र हो। जाहिर है, अगर हकीकत में ऐसा हुआ होता तो सभी जगह इसकी चर्चा होती।