अम्बेडकरनगर। समाजवादी पार्टी के नेता गौस असरफ व उनकी पत्नी असरफपुर किछौछा नगर पंचायत की अध्यक्ष शबाना खातून बुधवार को बसपा में शामिल हो गए। बुधवार को बसपा के जोनल कॉर्डिनेटर घनश्याम चंद्र खरवार ने बसपा की सदस्यता दिलाई। पार्टी ज्वाइन करने के बाद बसपा ने टाण्डा विधानसभा क्षेत्र से घोषित पहले से अपने प्रत्याशी मनोज वर्मा का टिकट काटकर शबाना खातून को अपना प्रत्याशी बनाया है।
बसपा में शामिल होने के बाद शबाना खातून के पति सैयद गौस असरफ ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मुस्लिम समाज के साथ धोखा किया है, उन्होंने कहा कि टाण्डा मुस्लिम बाहुल्य सीट होने के बाद भी सपा ने वहां गैर मुस्लिम को अपना उम्मीदवार बना दिया। सपा से घोषित उम्मीदवार राम मूर्ति वर्मा पर हमला करते हुए कहा कि टांडा क्षेत्र में बहुत मूर्ति है, अब किसी नए मूर्ति को स्थापित करने की जरूरत नही है। टाण्डा की जनता सरयू नदी में इस मूर्ति को विसर्जित कर देगी।
सैयद गौस अशरफ ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उनसे वादा किया था कि, टाण्डा विधानसभा की सीट पर किसी मुस्लिम उम्मीदवार को चुनाव लड़ाएंगे। उन्होंने टाण्डा में गैर मुस्लिम को उम्मीदवार बना दिया। वह किसी भी मुस्लिम को उम्मीदवार बनाये होते तो वह साथ रहते। गौस असरफ ने कहाकि सपा ने पूरे प्रदेश में मुस्लिमों के साथ धोखा दिया, लेकिन बसपा प्रमुख मायावती ने टिकट बंटवारे में मुस्लिम समाज को बराबर की हिस्सेदारी दिया।