जिले में मानसून की दस्तक, जमकर बरसे कारे बदरा, , हुई झमाझम बरसात

जिले में मानसून की दस्तक, जमकर बरसे कारे बदरा, , हुई झमाझम बरसात

  • घंटे भर हुई मूसलाधार बारिश से लोगों के चेहरों पर दिखी मुस्कान 
  • ठंडी हवा चलने से प्रचंड गर्मी से त्राहि त्राहि कर रहे जन मानस ने राहत की सांस लिया
  • गांव से शहर तक पानी ही पानी दिखा

- सत्यम सिंह

अम्बेडकरनगर। मानसून की पहली बारिश से कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी से राहत मिली। लगभग घंटे तक होने वाली मूसलाधार बरसात से गांव और शहर में पानी ही पानी दिखा। मंगलवार 21 जून की शाम 8 बजे से तेज हवा और गरज चमक के साथ बरसात शुरू हुई।यह क्रम पौन घंटे चला। लोगों ने मानसून की पहली बरसात होने और प्रचंड गर्मी से निजात पाने पर खुशी जाहिर किया।

अकबरपुर नपा इलाके की रिहायशी कॉलोनियों में जल प्लावन की स्थिति उत्पन्न होने से घरों में पानी घुस आया। घरों से पानी निकलने का कई घंटे तक इंतजार करते लोग दिखे।ऐसा नजारा शहर की सभी गलियों और सड़कों पर भी दिखा। 

अकबरपुर का वार्ड नं0 10 उसरहवा कॉलोनी घंटों तक बरसात के पानी में डूबा रहा। लोगों के घरों में बरसात का गंदा पानी भरा रहा। बारिश खत्म होने के घंटों बाद तक मकानों में रहने वाले लोग रात भर अपने आवासों से पानी निकालते देखे गए। उसरहवा कॉलोनी की यह समस्या बरसों से है परंतु नपाप अकबरपुर के किसी भी जिम्मेदार को इस समस्या के समाधान की तरफ सोचने का अवसर ही नहीं मिला है।

अकबरपुर में पहली बार हुआ ऐसा...... अकबरपुर शहर के बाशिंदों को मानसून की पहली झमाझम के बाद बिजली दिक्कत से जूझना नहीं पड़ा। कहा जा रहा है कि इसके पहले बिजली सप्लाई सुचारू होने में हल्की बरसात में भी घंटो लग जाया करते थे। आज की झमाझम के बाद बमुश्किल एक घंटे की प्रतीक्षा के बाद शहर वासियों को बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से मिली। अकबरपुर विद्युत विभाग के कर्मठ अभियंताओं और लाइन स्टाफ की प्रशंसा करने से भी लोग  नहीं अघा रहे हैं।.

हालांकि,  देर रात बारह बजे के बाद अकबरपुर बिजलीघर के सभी फीडरों में आपूर्ति गड़बड़ा गई। लोकल फॉल्ट की वजह से अकबरपुर शहर के एलआईसी और पटेलनगर फीडरों में सप्लाई ठप सी रही। रात्रिकालीन बिजली ठीक कर सुचारु करने वाला लाइन स्टॉफ अपनी मनमानी करता रहा। विद्युत विभाग के जिम्मेदार अभियंता/अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करते हुए पूर्व की भांति रात्रि निद्रा में निमग्न रहे। किसी का भी सी0यू0जी0 मोबाइल फोन नहीं उठा। बुधवार की सुबह भी लोग बिजली बहाली का इंतजार करते रहे। परंतु, सुचारु विद्युत आपूर्ति दोपहर के 1 बजे ही संभव हो सकी। उमस भरी गर्मी में लोग बिलबिलाते रहे। उद्यमियों के कामकाज बगैर बिजली बुधवार दोपहर तक प्रभावित रहे। 

Post a Comment

और नया पुराने