रामपुर में योगी का आजम पर तंज :बोले- जो जेल में थे उनको भी कोरोना का फ्री इलाज मिला

रामपुर में योगी का आजम पर तंज :बोले- जो जेल में थे उनको भी कोरोना का फ्री इलाज मिला

 


लोकसभा उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन रामपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ जनसभा कर रहे हैं। सीएम योगी ने घनश्याम लोधी के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने संबोधन की शुरुआत आजम खान पर तंज कसते हुए की। योगी ने कहा, "हम रामपुर की धरोहर से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। 

सपा की सरकार में गरीबों के घरों पर कब्जा होता था। हमने बिना जाति और भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ दिया। जो जेल में थे, उनको भी कोरोना के दौरान फ्री में इलाज मिला। रस्सी जल गई, लेकिन ऐंठन नहीं जा रही है।"

योगी ने कहा, "सपा की सरकार में गरीबों को राशन नहीं मिलता था। सपा की सरकार में दंगाई को सीएम आवास बुलाते थे। डबल इंजन की सरकार ने गुंडों, माफिया पर कार्रवाई की।"

योगी की बड़ी बातें -

  • कुछ लोगों ने रामपुर की पहचान का दुरुपयोग किया, हम ऐसा नहीं होने देंगे।
  • कुछ लोगों ने रामपुर की धरोहर को नष्ट करने का प्रयास किया।
  • 5 सालों में दो साल कोरोना से लड़ने में निकल गए। हम फ्री राशन दे रहे हैं।
  • बिना जाति-मजहब के भेदभाव के हमने सभी के लिए काम किया।
  • घनश्याम सिंह लोधी का नामांकन अंतिम दिन हुआ, वो घर-घर नहीं पहुंच सके होंगे।
  • सभी घनश्याम सिंह लोधी के लिए वोट मांगने को 5-5 घरों में जाएं और उन्हें जिताने की अपील करें।
  • आजम खान भी आज करेंगे सभाएं, अखिलेश ने बनाई दूरी

आज सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की भी रामपुर में तीन सभाएं होंगी। हालांकि अखिलेश यादव ने इस उपचुनाव से दूरी बनाई है। न तो वो आजमगढ़ पहुंचे और न ही रामपुर में अभी तक कोई रैली की है।

आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद यह पहला मौका है कि एक दिन, एक ही जिले में मुख्यमंत्री और आजम की अलग-अलग सभाएं हैं। सीएम योगी की जनसभाएं बिलासपुर और पटवाई में तो आजम खान की रामपुर शहर के पान दरीबा में है।

रामपुर में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के समर्थन में भाजपा के बड़े नेता प्रचार कर चुके हैं। पार्टी ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही सरकार के मंत्रियों की बड़ी फौज आजमगढ़ और रामपुर में भी उतारी है। 18 जून को मंत्री जितिन प्रसाद, 19 जून को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, 19 जून को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और 20 जून को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी ने रामपुर में प्रचार किया। इसके साथ ही राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, अल्पसंख्यक कल्याण वक्फ और हज मंत्री धर्मपाल, राज्यमंत्री राकेश सचान भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांग चुके हैं।

रामपुर लोकसभा उपचुनाव में पूरी कैबिनेट रामपुर पहुंचकर जनता के बीच जाएगी। इसी के चलते कई कैबिनेट मंत्री और राज्यमंत्री पहले ही रामपुर पहुंच चुके हैं और चुनाव प्रचार कर चुके हैं। इनमें वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कारागार और होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति, अल्पसंख्यक कल्याण और हज मंत्री धर्मपाल, पंचायती राज कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, मंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, सहारनपुर के विधायक राजीव गुम्बर, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष भारतीय जनता पाटी मोहित बेनीवाल, राज्यमंत्री अनूप प्रधान आदि भी रामपुर पहुंच चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में लोगों से गांव-गांव जाकर वोट के लिए अपील कर चुके हैं।

आजमगढ़ और रामपुर में मुख्य लड़ाई सपा और भाजपा की है। खुद सीएम योगी दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार और रैली कर रहे हैं। वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दोनों ही क्षेत्रों से दूरी बनाई है। आजमगढ़ में तो पूरा सैफई परिवार जुटा है, लेकिन रामपुर को आजम खान के हवाले छोड़ दिया गया है। रामपुर में आजम खान और बेटे अब्दुला आजम घर-घर घूम कर सपा प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं।

Post a Comment

और नया पुराने