आजमगढ़ में निरहुआ ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया, आजम के गढ़ रामपुर में घनश्याम लोधी जीते

आजमगढ़ में निरहुआ ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया, आजम के गढ़ रामपुर में घनश्याम लोधी जीते

लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। यूपी के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। आजमगढ़ में भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा उम्मीदवार ​​​धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराया। दूसरी तरफ रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42 हजार से भी अधिक वोटों से हरा दिया।

जीत के बाद निरहुआ ने इसे जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा-आजमगढ़वासियों आपने कमाल कर दिया है। यह आपकी जीत है। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, यह उसकी जीत है। यह जीत आपके भरोसे और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है।

यूपी में दोनों लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत को पीएम मोदी ने ऐतिहासिक बताया है। पीएम ने कहा- आजमगढ़ और रामपुर उपचुनाव में जीत ऐतिहासिक है। यह केंद्र और यूपी में डबल इंजन सरकार के लिए व्यापक पैमाने पर स्वीकृति और समर्थन का संकेत है। समर्थन के लिए लोगों का आभारी हूं। मैं हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं।

इधर, जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के दोनों उम्मीदवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों चुनौतीपूर्ण लड़ाई को भाजपा ने जीत में बदलकर 2024 के लिए एक दूरगामी संदेश दे दिया है। देश की जनता अब परिवारवादियों, जातिवादियों, सांप्रदायिक उन्माद को भड़काने वाले माफिया को प्रश्रय देने वाली पार्टियों को स्वीकार करने वाली नहीं है।

रामपुर में सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम लोधी के बीच मुकाबला था। यहां कांग्रेस ने चुनाव नहीं लड़ा। उधर, आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्‌डू जमाली के बीच त्रिकोणीय टक्कर रही।

आजमगढ़ अखिलेश और रामपुर की सीट आजम खान के इस्तीफा देने से खाली हुई थी। दोनों जगहों पर पहले सपा का कब्जा रहा है।


Post a Comment

और नया पुराने