अंबेडकरनगर : एसपी ऑफिस के बाहर युवती ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास, मचा हड़कंप

अंबेडकरनगर : एसपी ऑफिस के बाहर युवती ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास, मचा हड़कंप

अंबेडकरनगर। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार को एक युवती ने वहां ऑफिस के बाहर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया गया है कि युवती के साथ शादी का झांसा देकर सात साल तक दुराचार करने वाले युवक पर कार्रवाई किये जाने की मांग लेकर वह युवती वहां पहुंची थी। जहरीला पदार्थ खाते ही युवती बेहोशी के हालात में पहुंच गई। जिसे महिला थाना की पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

मामला अकबरपुर थाना कोतवाली के उसरहवा का है। युवती यशोदा पुत्री देवनारायण ने एसपी ऑफिस के बाहर शुक्रवार को पूर्वाह्न जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जहरीला पदार्थ खाते ही युवती वहीं बेहोश होकर गिर गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हड़कंप मच गया। सूचना पर अकबरपुर महिला थाना की पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। 

बताया गया है कि युवती का सात वर्ष पहले से सिद्धार्थनगर जनपद निवासी रमेश अग्रहरि से संबंध था और वह उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। युवती उससे शादी करने के लिए दबाव बना रही थी। युवक ने नोटरी से उससे शादी किया और युवती को छोड़कर फरार हो गया। फरार युवक के विरुद्ध कार्यवाही की मांग को लेकर युवती एसपी ऑफिस गई थी। पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सिन्हा ने इस प्रकरण के बाबत कहा है कि मामला संज्ञान में आया है। युवती की तबीयत ठीक होने के बाद उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने