पदभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत जिलाधिकारी हुए पत्रकारों से रूबरू
अम्बेडकरनगर। नवागत जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार की शाम जिला कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। श्री सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शासन की मंशा अनुरुप कार्य किया जाएगा। शासन की प्रथम प्राथमिकता वाली योजनाओं को आम जनमानस तक शत-प्रतिशत पहुंचाया जाएगा। नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि लोक कल्याण/जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लाने का कार्य पूरी निष्ठा के साथ संपादित किया जाएगा।
जिले में चलाई जा रही भारत सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का कार्य किया जायेगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिले में जन समस्याओं का निस्तारण नियमानुसार निपटाया जाएगा। उन्होने कहा कि ‘विकास परक कार्यक्रमों,जन कल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थीपरक स्कीमों,’ को मूर्त रूप देकर जिले के चतुर्दिक विकास का प्रयास किया जायेगा।
आई0ए0एस0 अविनाश सिंह जिले के जिलाधिकारी के पूर्व गोरखपुर में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत रहे। श्री सिंह सीडीओ मिर्जापुर और प्रयागराज व कानपुर में नगर आयुक्त रहे। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे। यहां रहे डीएम सैमुअल पॉल एन के तबादला उपरांत अविनाश जिले के डीएम बनाए गए हैं। सैमुअल पॉल एन का एमडी केस्को कानपुर तबादला हुआ है। 2014 बैच के आई0ए0एस0 अविनाश सिंह जौनपुर के निवासी हैं।---सत्यम सिंह
