बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी बदरीनाथ धाम को लेकर दिए गए स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि ये सब विशुद्ध राजनीति है.
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बदरीनाथ धाम को लेकर दिए गए बयान को लेकर विवाद छिड़ गया है. बीजेपी जहां इसे लेकर सपा पर हमलावर है तो वहीं अब बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. बसपा सुप्रीमो ने मौर्य को आड़े हाथों लेते हुए इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे राजनीति से भरा बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस तरह की बातों से धार्मिक विवाद पैदा होगा. इन बहकावे में अब कोई आने वाला नहीं है.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि "समाजवादी पार्टी के नेता श्री स्वामी प्रसाद मौर्य का ताजा बयान कि बद्रीनाथ सहित अनेकों मन्दिर बौद्ध मठों को तोड़कर बनाये गये हैं तथा आधुनिक सर्वे अकेले ज्ञानवापी मस्जिद का क्यों बल्कि अन्य प्रमुख मन्दिरों का भी होना चाहिए, नए विवादों को जन्म देने वाला यह विशुद्ध राजनीतिक बयान हैं". उन्होंने आगे कहा कि "श्री मौर्य लम्बे समय तक बीजेपी सरकार में मंत्री रहे किन्तु तब उन्होंने इस बारे में पार्टी व सरकार पर ऐसा दबाव क्यों नहीं बनाया? और अब चुनाव के समय ऐसा धार्मिक विवाद पैदा करना उनकी व सपा की घिनौनी राजनीति नहीं तो क्या है? बौद्ध व मुस्लिम समाज इनके बहकावे में आने वाले नहीं. "
.jpg)