मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए फिर एक बार मोदी सरकार का नारा दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश नई पहचान बना चुका है। यूपी ने देश की रफ्तार को बढ़ाने में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी जाएं, आज लोग आपका सम्मान करते हैं। आशाभरी निगाहों से देखते हैं। यूपी आज युवाओं की आजीविका का केंद्र और भारत की आस्था का केंद्र भी बना है। आस्था और आजीविका का अद्भुत संगम है। नए भारत के नया उत्तर प्रदेश है, जिसमें सुरक्षा के साथ समृद्धि भी है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा की व्यवस्था भी है।
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षा का यह वातावरण क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग दे पाते, क्या आजीविका का प्रबंधन कर पाते? क्या आपकी आस्था का सम्मान कर पाते। ये लोग आस्था का सम्मान के नाम पर क्या करते थे। राम का नाम लेने पर ही लाठी और गोली चल जाती थी। आज आस्था का भरपूर सम्मान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों की अयोध्या की समस्या का समाधान हो चुका है। अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं।
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी ने मंच पर बटन दबाकर 328.43 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, राज्य मंत्री अरुण कुमार, भाजपा सांसद संतोष गंगवार आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चार एएसपी, छह सीओ समेत 1200 पुलिसवालों की ड्यूटी शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाई गई है। पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात किए गए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को नाथ कॉरिडोर की भी आधारशिला रखी। नाथ कॉरिडोर के तहत अलखनाथ, वनखंडीनाथ, पशुपतिनाथ, त्रिवटीनाथ, धोपेश्वरनाथ, तपेश्वरनाथ व मढ़ीनाथ मंदिर के रास्ते को आपस में जोड़ा जाएगा। सड़कों का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी ने महादेव सेतु और आदिनाथ चौराहे का भी लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद 105 करोड़ की लागत से बने 1,306 मीटर लंबे महादेव पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इस पुल पर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तय की गई है। इसका बोर्ड भी लगा दिया गया है। इस पुल के शुरू होने से जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
