अम्बेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले के मेधावियों ने परचम लहराया है। हाईस्कूल व इंटर के 24 छात्र-छात्राएं प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल रहे हैं। हाईस्कूल में छात्रा प्रतिमा वर्मा ने तो इंटरमीडिएट में ने जिला टॉप किया। मेधावियों ने सफलता हासिल करने के साथ ही डॉक्टर, इंजीनियर से लेकर आईएएस बनने का सपना संजो रखा है।
लगभग डेढ़ माह बाद शनिवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के नतीजों ने जिले को बड़ी उपलब्धि दी। सफलता ने छात्र-छात्राओं के चेहरे खिला दिए। नतीजे घोषित होते ही घरों से लेकर स्कूलों तक उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिले की रैंकिंग गत वर्ष के मुकाबले काफ़ी बेहतर हुई है, कुल 24 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बना डाला।
हाईस्कूल परीक्षा में चितबहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा नमिता वर्मा तो इंटरमीडिएट में राम अवतार इंटर कॉलेज खजुरी की सेजल श्रीवास्तव ने जिला टॉप किया। कई अन्य मेधावियों ने भी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। इन सभी छात्र-छात्राओं का स्कूलों से लेकर घरों तक स्वागत करने के साथ ही मुंह मीठा कराया गया।
प्रदेश की टॉप टेन सूची में हाईस्कूल की छात्रा नमिता वर्मा ने चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा हिमांशी उपाध्याय व सुमन को आठवां स्थान, अंशिका, अंशू यादव व अरुण गोंड को नौवां स्थान, मुस्कान को दसवां स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में सेजल श्रीवास्तव ने 6वां स्थान हासिल किया।
संचिता, अंशिका यादव, रुनझुन पटेल, आकांक्षा यादव, श्रेया वर्मा, तरेंद्र प्रकाश शिवम व अनुशारी यादव ने सातवां स्थान पर कब्जा बनाया। रिया, प्रिया यादव, अंशिका, मलिका नूर, हिमांशु, सौरभ यादव को आठवां स्थान, गौरव प्रताप को 9वां स्थान तथा हिमांशी व इकरा नाज को 10वां स्थान हासिल हुआ।
सफलता की खुशी मेधावियों के चेहरे पर तो थी ही साथ में उनके परिजन भी खासे गदगद दिखे। सफलता से खुश मेधावियों ने डॉक्टर, इंजीनियर से लेकर आईएएस व आईपीएस तक बनने के सपने संजो रखे हैं।
टॉपर्स छात्र-छात्राओं को बधाई देने के लिए उनके घरों तक लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगा रहा। उज्जवल भविष्य की कामना करने के साथ ही कई लोगों ने मेधावियों को आगे की सफलता के लिए टिप्स भी दिए। उधर उन छात्र-छात्राओं को हौसला देने का भी दौर चलता रहा जिनके परिणाम अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं रहे।
बोर्ड परीक्षा के नतीजों में छात्राओं ने फिर से बाजी मारी है। हाईस्कूल में जिले के टॉप टेन में आने वाले 26 मेधावियों में से 22 छात्राएं हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में टॉप टेन 41 मेधावियों में से 33 छात्राएं हैं। प्रदेश की टॉपर्स सूची में भी लड़कियों ने ही बाजी मारी। 24 मे से 16 छात्राओं को प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान मिला है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2024 में कुल 76,350 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। इसमें 36,871 बालक तथा 39,479 बालिकाएं शामिल रहीं। 3,554 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। हाईस्कूल में कुल 39,177 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
19,278 बालक तथा 19,899 बालिकाएं पंजीकृत रहीं। इसके सापेक्ष 2,114 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। इंटरमीडिएट में कुल 37,173 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था, इसमें 17,593 बालक तथा 19,580 बालिकाएं पंजीकृत रहीं। इसके सापेक्ष 1,440 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी थी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए कुल 72,796 परीक्षार्थियों में 65,908 पास हुए हैं।
हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल हुए कुल 37,206 परीक्षार्थियों में 33,725 पास हुए हैं। 90.64 प्रतिशत परीक्षार्थियों के पास होने के साथ चाहिए प्रदेश की सूची में जनपद को 28वां स्थान मिला है। इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल हुए कुल 36,282 परीक्षार्थियों में 32,183 पास हुए हैं। 88.70 प्रतिशत परीक्षार्थियों के पास होने के साथ चाहिए प्रदेश की सूची में जनपद को नौवां स्थान मिला है।
