अंबेडकरनगर। हाल ही में जंगली जानवरों के हमलों के बाद वन विभाग ने सतर्कता बरतते हुए छह हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि वे कहीं जंगली जानवरों को देखें, तो उन्हें मारने की बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि त्वरित और उचित कार्रवाई की जा सके।
पियारेपुर और महरुआ क्षेत्रों में सियारों के हमलों के बाद ग्रामीणों ने इन जानवरों को पीट-पीटकर मार डाला था, जिसके बाद वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है और लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम कर रहा है। विशेष रूप से माझा क्षेत्र में वन रेंजर और वन दरोगा लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
अब वन विभाग ने अपने अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं ताकि लोग तत्काल संपर्क कर सकें। अकबरपुर और टांडा रेंज के वन रेंजर नागेंद्र कुमार का नंबर 9519489494 है, जबकि जलालपुर और बसखारी रेंज के वन रेंजर स्नेह कुमार का नंबर 6388195264 है। टांडा रेंज के वन दरोगा जगदंबा प्रसाद मिश्र का नंबर 9919139626 और बसखारी रेंज के वन दरोगा सुनील सिंह का नंबर 9450030330 है।
यदि किसी कारणवश इन अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाता है, तो उपप्रभागीय वनाधिकारी के नंबर 7839434877 पर या अत्यंत जरूरी परिस्थितियों में उनके मोबाइल नंबर 7839435157 पर सूचना दी जा सकती है। इस पहल का उद्देश्य जंगली जानवरों के हमलों को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
