अंबेडकरनगर : कटेहरी विधान सभा क्षेत्र के उपचुनाव के मद्देनज़र प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यहां पहुंचकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। शक्ति केंद्रों पर चौपाल लगाते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से संवाद स्थापित किया और विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे केवल अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार देर शाम अकबरपुर में जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी से फीडबैक लिया। इसके बाद महामंत्री अमरेंद्र कांत सिंह, मंत्री विनय पांडेय, रमेश गुप्त, और सुमन पांडेय के साथ प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की। उन्होंने सभी मोर्चे और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक करते हुए उनकी भूमिका की समीक्षा की। देर रात, मंत्री ने टीम इलेवन के साथ विस्तार से चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
गुरुवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, और जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कटेहरी, खजुरी, केदारनगर और श्रवण क्षेत्र के शक्ति केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ चौपाल में भाग लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
स्वतंत्र देव सिंह ने इन बैठकों के दौरान कहा कि भाजपा सरकार ने जनहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने विपक्षी दलों के भ्रामक प्रचार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बेघरों को घर, गरीबों को फ्री राशन, बच्चों को गुणवत्ता परक शिक्षा, हर घर को नल से शुद्ध जल, किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य और कम दाम पर खाद उपलब्ध करवाई है। इसके अलावा, किसानों को देश की किसी भी मंडी में अपनी उपज बेचने की स्वतंत्रता दी गई है, जो भाजपा सरकार की एक और बड़ी उपलब्धि है।
जिला मीडिया प्रभारी बाल्मिकी उपाध्याय ने जानकारी दी कि इन बैठकों और चौपालों में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सरकार की उपलब्धियों और जनहित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस उपचुनाव में भाजपा की चुनावी रणनीति और जनहित के कार्यों के सहारे भाजपा ने मजबूत तैयारी की है, जिससे विपक्ष के लिए चुनौती बढ़ती दिख रही है।

