अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को दिया ऑफर, 100 सीट लेकर आएं और बन जाएं CM

अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को दिया ऑफर, 100 सीट लेकर आएं और बन जाएं CM


उत्तर प्रदेश में राजनीतिक तापमान अचानक गरमा गया है। चर्चा के केंद्र में इस बार केशव प्रसाद मौर्य हैं। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने उन्हें सीधा ऑफर दिया है कि वे अपने 100 विधायक लेकर आएं। हम उन्हें मुख्यमंत्री बना देंगे। दरअसल, यूपी की 403 सदस्यीय विधानसभा में समाजवादी पार्टी को 111 सीटों पर जीत मिली है। सपा गठबंधन को विधानसभा में 125 सीटों पर जीत मिली थी। यूपी चुनाव से पहले अखिलेश लगातार दावा कर रहे थे कि प्रदेश में एक बार फिर समाजवादी सरकार की वापसी होगी। चुनाव में पार्टी के सीट तो बढ़े, लेकिन पार्टी बहुमत से मीलों दूर रह गई। अब अखिलेश यादव भाजपा के विक्षुब्ध तबके को साधकर सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुट गए हैं। यह एक प्रकार से प्रदेश के वोटरों को संदेश देने की कोशिश ज्यादा लगती है कि सरकार को दो शीर्ष नेताओं के बीच मनमुटाव है। हालांकि, अखिलेश के ऑफर के जवाब में केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी पार्टी और संगठन बचाने की सलाह उन्हें दे दी है।

अखिलेश यादव का एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में दिया गया बयान इस समय यूपी की राजनीति को खासा गरमा दिया है। इसमें वे यूपी में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में सेंधमारी की बात करते दिख रहे हैं। अखिलेश यादव ने टीवी चैनल पर कार्यक्रम में दावा किया कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को योगी सरकार में उचित सम्मान नहीं मिल पाया। भाजपा ने उन्हें सीएम बनाने का ऑफर दिया था। लेकिन, उन्हें कुछ नहीं मिला। आज भी अगर वे अपने 100 विधायक लेकर आएं तो समाजवादी पार्टी उनका समर्थन कर देगी। वे मुख्यमंत्री बन सकते हैं। अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा आक्रामक हो गई है। उन्हें अपने विधायकों को बचाने की नसीहत दे रही है।

अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य को कमजोर आदमी करार दिया। दरअसल, केशव मौर्य के लगातार हमलों को लेकर उनसे सवाल किया गया था। इसी के जवाब में उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य बहुत कमजोर आदमी हैं। उन्होंने सपना तो देखा था मुख्यमंत्री बनने का। आज भी ले आएं 100 विधायक। अरे बिहार से उदाहरण लें न वो। जो बिहार में हुआ वो यूपी में क्यों नहीं करते हैं? अगर उनमें हिम्मत हैं और उनके साथ अगर विधायक हैं। एक बार तो वो बता रहे थे कि उनके पास 100 से ज्यादा विधायक हैं। आज भी विधायक ले आएं समाजवादी पार्टी समर्थन कर देगी उनका। साफ है अखिलेश ने केशव मौर्य को खुला ऑफर दे दिया है। लेकिन, अब प्रतिक्रिया सामने आने लगी है।

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव का ऑफर आने के बाद जवाबी हमला बोला। उन्होंने अखिलेश के बयान के जवाब में कहा कि वो एक सामंतवादी मानसिकता के बन चुके हैं। समाजवादी पार्टी नाम की कोई पार्टी नहीं है। एक परिवार की पार्टी है। उनके दावे में कोई दम नहीं है। भाजपा अपने आप में इतनी मजबूत पार्टी है, जिसको किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। केशव मौर्य ने कहा कि हमारे गठबंधन के जो साथी हैं, वो हमारे साथ हैं। उनके साथ मिलकर हम सरकार चला रहे हैं। वे अपने 100 विधायक बचाएं। वो सब भाजपा में आने को तैयार हैं। इस बयान के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने चुनौती सपा अध्यक्ष के सामने पेश कर दी है।

भारतीय जनता पार्टी के यूपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी अखिलेश यादव के बयान के जवाब में पलटवार किया है। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य को पार्टी और संगठन का समर्पित कार्यकर्ता करार दिया। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ट्वीट कर कहा है कि केशव मौर्य संगठन एवं पार्टी के प्रमाणित और भाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह हमेशा हमारे साथ रहेंगे। वे किसी स्वार्थ में पड़ने वाले नेता नहीं हैं। वह अखिलेश यादव को चलाएंगे। भूपेंद्र चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव उन्हें क्या चलाएंगे? अखिलेश यादव तो अपने गठबंधन की, अपने परिवार की, अपनी पार्टी की और अपने विधायकों की भी चिंता कर लें। उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं।


Post a Comment

और नया पुराने