टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले वह पांचवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली (2007), आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर (2021), श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (2021) और दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा (2021) ऐसा कर चुके हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में फिलहाल क्वालिफाइंग राउंड के मैच जारी हैं। मंगलवार को ग्रुप ए के मुकाबले में नीदरलैंड ने नामीबिया को हरा दिया। वहीं, श्रीलंका और यूएई के बीच मैच जारी है। यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 152 रन बनाए। हालांकि, इस मैच में यूएई के कार्तिक मयप्पन ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। यूएई का यह स्पिनर 2022 टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाला पहला गेंदबाज बन गया है।
मयप्पन ने 15वें ओवर में लगातार गेंदों पर श्रीलंका के भानुका राजपक्षा, चरिथ असलंका और कप्तान दासुन शनाका को पवेलियन भेजा। राजपक्षा पांच रन बना सके। वहीं, असलंका और शनाका तो खाता भी नहीं खोल सके। श्रीलंका की ओर से पाथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 74 रन की पारी खेली। वहीं, कुसल मेंडिस ने 18 और धनंजय डी सिल्वा ने 33 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप में 22 साल के मयप्पन ने इतिहास रचा। वह मूलत: लेग स्पिनर हैं। मयप्पन का जन्म आठ अक्तूबर 2000 को तमिलनाडु के चेन्नई में हुआ था। 2019 में उन्होंने यूएई की सीनियर टीम में डेब्यू किया था। उन्होंने आठ दिसंबर 2019 को यूएई के लिए वनडे में डेब्यू किया था। यह मैच यूएसए के खिलाफ था। इसके बाद उन्हें 2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भी यूएई की टीम में शामिल किया गया था।
.jpg)