मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सरदार पटेल टी-20 राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खुद भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाए। इस दौरान वह बेहद खुश नजर आए। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया और कहा कि दिव्यांगजन हमें प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है। शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सबको मिले यही हमारी प्राथमिकता है। विकलांग शब्द को दिव्यांग शब्द कहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है। मुझे इस क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करके प्रसन्नता हो रही है।
यह टूर्नामेंट आठ दिनों तक चलेगा। इस मौके पर पद्मश्री दीपा मलिक भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी बल्लेबाजी के दौरान मुख्यमंत्री योगी का उत्साह बढ़ाया।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मुझे दिव्यांगजनों को सम्मानित करते हुए काफी अच्छा लग रहा है। जो बाधाओं के बाद भी आगे बढ़ रहे हैं। मध्यकाल के संत सूरदास जी ने दृष्टिबाधित होने के बावजूद भगवान कृष्ण की भक्ति में अपने काव्य खण्ड के माध्यम से नई प्रेरणा दी है।
दिव्यांगजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने व्हील चेयर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनका उत्साह बढ़ाया।
