अम्बेडकरनगर। मिलावटी खाद व कीटनाशक दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को जिले की सभी पांच तहसीलों में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। संबंधित तहसील के एसडीएम व कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने छापे मारे। बंद मिली दो खाद दुकानों के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया। साथ ही विभिन्न गड़बड़ियों के चलते चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई।खाद, बीज व कीटनाशक दवाओं में मिलावट रोकने के लिए डीएम सैमुअल पॉल एन ने सभी पांच तहसीलों में विशेष अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए थे।
इसके लिए संबंधित तहसील के एसडीएम के नेतृत्व में कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम गठित की गई। शनिवार को जिले में एक साथ अभियान चला।अकबरपुर सदर एसडीएम पवन जायसवाल व जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय की टीम ने बरधा भिउरा स्थित पीसीएफ गोदाम से खाद का नमूना मिलावट के संदेह में लिया। टीम रामपुर सकरवारी बाजार पहुंची तो वहां दो दुकानें बंद मिलीं। दोनों दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
तहसील क्षेत्र में कुल आठ दुकानों पर छापे मारे गए। इसमें छह दुकानों से नमूने लिए। भीटी तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने महरुआ गोला व भीटी समेत कई दुकानों का जायजा लिया। कल्पतरू खाद भंडार व भैयालाल सोनी खाद भंडार भीटी बंद मिले। ये दोनों दुकानें पूर्व के निरीक्षण में भी बंद थीं। इस पर दोनों दुकानों के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया।टांडा एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने आधा दर्जन खाद की दुकानों का निरीक्षण किया।
मेसर्स कृषि सेवा केंद्र नंदापुर व मेसर्स कृषि खाद भंडार बिहरई बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस दी गई। इसके अलावा दो दुकानों से संदेह होने पर खाद का नमूना लिया। कुल आठ दुकानों पर छापे मारे गए। तहसील क्षेत्र जलालपुर में एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने सात दुकानों पर पहुंचकर जायजा लिया। दो दुकानों से खाद का नमूना लिया गया।
