अम्बेडकरनगर। डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच जिला अस्पताल में प्लेटलेट्स की जांच ही ठप पड़ी है। प्लेटलेट्स जांच मशीन लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी है। डेंगू की जांच तो हो रही है लेकिन प्लेटलेट्स की जांच ठप है। इससे डेंगू प्रभावितों में प्लेटलेट्स की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। प्रतिदिन इसके नए मरीज सामने आ रहे हैं। डेंगू से निपटने को लेकर शासन स्तर पर नए-नए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इन सबके बीच जिले में इसे लेकर लापरवाही का माहौल है। जिला अस्पताल में प्लेटलेट्स जांच की सुविधा ही नहीं है। प्लेटलेट्स की संख्या जानने के लिए जिला अस्पताल में एकमात्र स्थापित सेल काउंटर मशीन लगभग एक वर्ष से खराब पड़ी है।
डेंगू के लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या के बावजूद इस मशीन को दुरुस्त कराने की सुध नहीं ली जा रही है। ऐसा तब है जब जिला अस्पताल में प्रतिदिन आधा दर्जन से अधिक मरीज डेंगू की जांच के लिए पहुंचते हैं। यहां डेंगू की जांच हो रही है। पॉजिटिव या नेगेटिव होने की जानकारी भी दी जाती है लेकिन प्लेटलेट्स की जांच नहीं हो पा रही है। इससे मरीजों व उनके तीमारदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटलेट्स का पता लगाने के लिए निजी पैथोलॉजी का सहारा लेना पड़ रहा है।
