सात हजार भूमिहीन किसान ले रहे हैं किसान सम्मान निधि का लाभ, होगी रिकवरी

सात हजार भूमिहीन किसान ले रहे हैं किसान सम्मान निधि का लाभ, होगी रिकवरी


अंबेडकरनगर। जिले के सात हजार से ज्यादा भूमिहीन प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ ले रहे थे। ऐसे लोगों को अब चिह्नित कर जल्द रिकवरी का नोटिस दिया जाएगा और वसूली की जाएगी। बता दें कि सरकार की ओर से अपात्रों को चिह्नित करने के लिए ई-केवाईसी कराया जा रहा है, जिनमें अपात्रों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।


जिले में तीन लाख 89 हजार 348 लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिल रहा था। किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अपात्रों को न मिले, इसके लिए सरकार ने लाभार्थियों का ई-केवाईसी करवाया था। इसमें बड़ी संख्या में अपात्र मिले थे। इनमें कुछ ऐसे हैं, जो भूमिहीन होने के बाद भी लाभ ले रहे हैं और कुछ मृतक भी है। इसके बाद भी उनके खाते में रकम जा रही है।


मामले का संज्ञान में लेते हुए बीते दिनों ही शासन ने लाभार्थियों के भूलेख सत्यापन का निर्देश दिया था। इसके बाद सभी तहसीलों में राजस्वकर्मियों द्वारा भूलेख सत्यापन का काम शुरू किया गया। अब तक तीन लाख 38 हजार लाभार्थियों का सत्यापन हो चुका है।

सत्यापन के दौरान पता चला कि सात हजार 50 लाभार्थी भूमिहीन हैं। इसके बाद भी योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे लोगों के खाते में योजना के तहत जो भी रकम गई है, उसकी रिकवरी की जाएगी। इसके लिए शीघ्र ही संबंधित को नोटिस जारी की जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने