फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने अपने लेटेस्ट ट्वीट में एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ नजर आ रहे हैं और उन्होंने उसे दोस्त कहा है।
टीवी की दुनिया से लेकर बॉलीवुड तक में अपनी दमदार एक्टिंग का जादू चलाने वाले एक्टर सुशांत सिंह राजपूत गत 14 जून 2020 को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में पंखे से लटकते हुए पाए गए थे। उनके यूं अचानक चले जाने से परिवार वालों से लेकर, दोस्त, रिश्तेदार, फैंस और इंड्स्ट्री के लोग भी हैरान हो गए थे। शुरुआती जांच में इसे कथित तौर पर सुसाइड बताया गया था लेकिन उनका परिवार इस मौत को एक साजिश बता रहा था। सुशांत सिंह राजपूत के पिता के के सिंह ने रिया चक्रवर्ती पर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि रिया ने उनके बेटे को आत्महत्या करने के लिए उकसाया था। साथ ही रिया पर सुशांत के अकाउंट से पैसे गबन करने का आरोप भी लगाया गया था। हालांकि अब सुशांत की मौत के दो साल बाद मुंबई के कूपर अस्पताल के मॉर्चरी कर्मचारी ने दावा किया है कि सुशांत की मौत सुसाइड नहीं थी बल्कि उनका मर्डर किया गया था। वहीं अब इन सबके बीच 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने सुशांत के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है।
आपको बता दें कि बॉलीवुड फिल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने अपने लेटेस्ट ट्वीट में एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों ही लोग इस तस्वीर में मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ विवेक अग्निहोत्री ने एक कैप्शन लिखा है जिसे पढ़ने के बाद लोग हैरान हो गए हैं। दरअसल विवेक अग्निहोत्री ने अपने ट्वीट में फोटो शेयर करते हुए लिखा है- वो मुझे भी नहीं छोड़ेंगे... कौन थे 'वो', सुशांत, मेरे दोस्त?'
विवेक अग्निहोत्री के इस ट्वीट पर लोग लगातार अपना रिएक्शन दे रहे हैं। कई लोगों ने एक्टर की मौत का सच सामने लाने की बात लिखी है तो कुछ लोगों का यह भी कहना है कि सुशांत आपका दोस्त नहीं था। बॉलीवुड फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री पिछले कुछ समय से लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। विवेक अग्निहोत्री आजकल हर मुद्दे पर बोलते नजर आते हैं। फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के बाद से विवेक अग्निहोत्री सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं।
