जंतर-मंतर पर जुटे भारतीय पहलवान, विनेश ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लगाए यौन शोषण के आरोप

जंतर-मंतर पर जुटे भारतीय पहलवान, विनेश ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लगाए यौन शोषण के आरोप

विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों का यौन शोषण करते हैं।





पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच के ऊपर पर महिलाओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, ''कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।'' विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों का यौन शोषण करते हैं। 


जंतर-मंतर पर मौजूद पहलवानों ने कहा, ''वे (संघ) हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। जब से हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है।''


विनेश फोगाट ने कहा "टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे 'खोटा सिक्का' कहा। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की होगी।"


भारत के कई दिग्गज पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगट सहित देश के कई शीर्ष पहलवान शामिल हैं। जिस तरह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) का संचालन बृजभूषण सिंह कर रहे हैं, पहलवान उससे तंग आ चुके हैं। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद भी हैं।


अपने प्रदर्शन को लेकर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा "भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) पहलवानों को परेशान कर रहा है। जो लोग डब्ल्यूएफआई का हिस्सा हैं उन्हें खेल के बारे में कुछ नहीं पता है। पहलवान चल रही तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करना चाहते। हम दोपहर 3-4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और वहां सब कुछ बता देंगे।"


ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा "हम रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का विरोध कर रहे हैं। हम पहलवान यहां इकट्ठे हुए हैं और शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। हम अपने सभी मुद्दों को वहां उठाएंगे।"


भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा "पता नहीं यह किस बारे में है। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष को लिखे पत्र से पता चला कि कुछ पहलवान विरोध में बैठे हैं। मैं उनसे उनकी समस्या पूछने आया हूं। एक बार जब वे फेडरेशन में आ जाएंगे तो सारे मसले सुलझ जाएंगे। उन्होंने मुझे अभी तक नहीं बताया कि मामला क्या है। अभी तक मेरे या फेडरेशन के सामने इस तरह का कोई मुद्दा नहीं उठाया गया है।"


Post a Comment

और नया पुराने