मई 2023 से निर्माण कार्य शुरु होने की संभावना: इं0 सिद्धार्थ सिंह
- सत्यम सिंह
अंबेडकरनगर। अकबरपुर-अयोध्या सड़क अरियौना मोहल्ला से निकलकर टांडा मार्ग होते हुए बसखारी सड़क पर टाटा वर्कशॉप तक निर्मित होने वाले 12 किलोमीटर लंबे बाईपास हेतु भूमि का पंजीयन तेज हो गया हैं। 35 मीटर की चौड़ाई वाले इस फोरलेन बाईपास का निर्माण जल्द शुरु करने के लिए पीडब्ल्यूडी महकमा जुट गया है।
अकबरपुर नगर क्षेत्र में बाईपास निर्माण के लिए भूमि की रजिस्ट्री का कार्य शुरु हो चुका है। इस बाईपास और भूमि पंजीयन के बाबत लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता सिद्धार्थ सिंह से वार्ता करने पर उन्होंने बताया कि कुल 282 अधिग्रहित गाटों(भूखंडों) के सापेक्ष अब तक 114 गाटों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। संबंधित किसानों(जिनकी भूमि का अधिग्रहण हुआ है) के खाते में 26 करोड़ रुपए भेज दिए गए हैं। 12 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के दायरे में 1175 किसानों की भूमि अधिग्रहित होनी है।
इं0 सिंह के अनुसार, इस बाईपास के निर्माण में 251 करोड़ की लागत आएगी। इसी राशि में से, 87 करोड़ रुपए किसानों की भूमि का मुआवजा भी शामिल है। बचे हुए भूखंडों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया जारी है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता ने कहा कि यदि सबकुछ सही रहा तो, आगामी वित्तीय वर्ष के दूसरे माह में निर्माण शुरु कर दिया जाएगा। कुछ भूखंड स्वामियों की मृत्यु हो जाने से, उनकी भूमि के वरासत (म्यूटेशन) पर जोर दिया जा रहा है। जल्द ही इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल, इन दिनों जमीन की रजिस्ट्री का कार्य तेजी से चल रहा है।
