मिल प्रशासन ने कहा गन्ना खत्म होने तक चलेगी चीनी मिल में पेराई
अम्बेडकरनगर। मिझौड़ा चीनी मिल पर गन्ना बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मिल ने 21 मार्च तक गन्ना तौल कराने वाले किसानों का भुगतान कर दिया है। वहीं मिल अब तक करीब 93.50 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद कर चुकी है। चीनी मिल को इस बार 103 लाख क्विंटल का लक्ष्य दिया गया है। गन्ना बिक्री करने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की आर्थिक समस्या न हो। इसके लिए अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा की ओर से लगातार गन्ना बिक्री करने वाले किसानों का भुगतान किया जा रहा है।
अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा द्वारा 24 नवंबर से पेराई सत्र शुरू किया गया था। किसानों को गन्ना बिक्री करने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो। इसके लिए चीनी मिल ने गेट समेत 38 क्रय केंद्र स्थापित किए। साथ ही क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि गन्ना बिक्री करने के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की मुश्किल नहीं होनी चाहिए। इसका व्यापक लाभ गन्ना किसानों को मिल भी रहा है। वहीं किसानों का समय से भुगतान हो इसका भी ध्यान दिया जा रहा है।
उप गन्ना प्रबंधक अरविंद सिंह ने बताया कि पेराई का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। 103 लाख क्विंटल का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी तुलना में अब तक करीब 93.50 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। वहीं 21 मार्च तक गन्ने की बिक्री करने वाले किसानों का भुगतान भी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भुगतान के लिए किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। समय पर भुगतान कर दिया जाएगा।
गन्ना बिक्री करने में यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें। उन्होंने बताया कि लक्ष्य के मुताबिक, अभी करीब 10 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करनी है। जब तक किसानों का पूरा गन्ना नहीं खरीद हो जाता तब तक मिल चलेगी।
