सपा उम्मीदवार की जीत पर निकाला गया था जुलूस, सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में हुआ था पथराव
अम्बेडकरनगर। इल्तिफ़ातगंज नगर पंचायत में जिला प्रशासन के रोक के बावजूद सपा ने जश्न मनाया। जिसके बाद सपा की नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन, सपा विधायक लाल जी वर्मा सहित 26 नामजद और एक हजार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। शनिवार को इल्तिफ़ातगंज में सपा उम्मीदवार द्वारा जीत के बाद जुलूस निकाला गया। जिसके बाद बीजेपी के हारे प्रत्याशी और सपा के लोगों में जमकर बवाल हुआ था।
निकाय चुनाव में प्रशासन द्वारा जीत के बाद जश्न मनाने एवं जुलूस निकालने पर रोक लगाया गया था, लेकिन शनिवार को सपा के इल्तिफ़ातगंज से उम्मीदवार शमा परवीन ने जीत के बाद जुलूस निकाला और नारेबाजी की। आरोप है कि सपा उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने भाजपा उम्मीदवार रेनू देवी के घर के पास नारेबाजी किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ और ईट पत्थर चले।
मामले में भाजपा उम्मीदवार रेनू देवी के पति ने इब्राहिमपुर थाने में तहरीर दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने सपा विधायक लालजी वर्मा, शमा परवीन, पूर्व चेयरमैन निजाम अहमद सहित 26 लोगों के खिलाफ नामजद तथा एक हजार अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में लोगों ने बाजार बंद कर विरोध जताया और सपा विधायक को गिरफ्तार करने की मांग की।

