अकबरपुर नपाप के फिर चेयरमैन बने चंद्रप्रकाश

अकबरपुर नपाप के फिर चेयरमैन बने चंद्रप्रकाश

- सत्यम सिंह




अंबेडकरनगर। प्रतिष्ठापरक अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की सीट पर निर्दल चंद्रप्रकाश वर्मा ने धमाकेदार जीत दर्ज की। उन्होंने यहां से अब तक अध्यक्ष रहीं भाजपा प्रत्याशी सरिता गुप्ता को तीसरे स्थान पर धकेल दिया। दूसरे स्थान पर सपा की बागी निर्दल प्रत्याशी नाजरीन बेगम रहीं। बसपा प्रत्याशी सुरेश कुमार वर्मा  को चौथा स्थान मिला।


जिला मुख्यालय की नगर परिषद अकबरपुर सीट के चुनाव में सभी दलों ने अपनी प्रतिष्ठा लगा दी थी।  भाजपा के लिए यह सीट सबसे ज्यादा प्राथमिकता वाली थी। क्योंकि इसी एक मात्र सीट पर उसके प्रत्याशी सरिता गुप्ता की जीत पिछले चुनाव में हुई थी। सरिता गुप्ता को फिर से पार्टी (भाजपा) का टिकट मिला। उन्हें टिकट न देने के लिए पार्टी में काफी अंतरविरोध था। इसके बावजूद उन्हें टिकट दिया गया। 


भाजपा ने उनकी जीत के लिए यहां एड़ी चोटी का जोर भी लगा दिया था। इसके चलते माना जा रहा था कि वे मुख्य मुकाबले में रहेंगी और उन्हीं से सबका चुनावी संघर्ष होगा। निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपनी सरल छवि व कार्य कुशलता के बल पर सभी वर्गों का समर्थन हासिल किया। वे शुरु से ही लीड बनाए रखने में सफल रहे।  


उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सभी प्रमुख दलों के सक्रिय कार्यकर्ता तक उनके लिए निजी तौर पर काम करते देखे गए। इससे उन्होंने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।  यहां कुछ प्रत्याशियों ने काफी खर्चीला चुनाव कर दिया। फिर भी चंद्रप्रकाश अकेले ही गांव गांव घर घर जाकर जनता का समर्थन मांगा।मतदाताओं ने उनका भरपूर साथ देकर फिर से चेयरमैन बना दिया। 


चंद्र प्रकाश इससे पहले भी दो बार वर्ष 2007 व 2012 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चेयरमैन रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर अकबरपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन सफल नहीं हो पाए थे। इसके बाद वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा में शामिल होकर विधानसभा का चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली।

इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़कर उन्होंने जीत हासिल किया।



Post a Comment

और नया पुराने