लखपति कबाड़ियों व कबाड़ की दुकानों पर पुलिस नहीं डालती नजर
- सत्यम सिंह
अंबेडकरनगर। जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर कबाड़ का धंधा करने वाले लखपति कबाड़ियों का अवैध कारोबार जोर-शोर से चल रहा है। जिले के बेवाना थाना अंतर्गत बेवाना खास, शिवरा नाली, रामपुर सकरवारी सहित दर्जनों जगहों पर कबाड़ियों का धंधा बेरोक-टोक चल रहा है। इन कबाड़ की दुकानों में चोरी के सामान सहित अन्य संदिग्ध सामानों की बहुत ही आसानी से खरीद-बिक्री किए जाने की खबरें मिल रही हैं। इसी तरह बसखारी थाना क्षेत्र के कई इलाकों में कबाड़ियों की भरमार है।
सूत्रों के अनुसार, कबाड़ की यह दुकानें पुलिस संरक्षण में निर्बाध चल रहीं हैं। इस धंधे में दुकानदार और पुलिस अवैध रुप से खूब उगाही कर रही है। अकबरपुर-शहजादपुर उपनगरों के कई स्थानों पर कबाड़ की दुकानें पुलिस की शह पर संचालित हो रहीं हैं। कहते हैं कि पुलिस को अपना हिस्सा समय पर मिल जाता है, इसलिए, लखपति कबाड़ियों और कबाड़ की दुकानों की जांच पड़ताल करने की जहमत पुलिस नहीं उठाती।

